पत्रकार की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर हमला, भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराएं मुख्यमंत्री हेमंत बाबूलाल मरांडी

रांची, 26 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड में सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित दुष्कर्म के आरोपों का मामला सामने लाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर विपक्षी दलों ने विरोध दर्ज कराया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर सीधा प्रहार करार देते हुए पुलिस की कार्रवाई की कड़ी भर्त्सना की है। साथ ही, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाने के लिए विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाए।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री वास्तव में इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करना चाहते हैं, तो संबंधित विधायक का नार्को टेस्ट कराना आवश्यक है, ताकि तथ्यों की असलियत जनता के सामने आ सके। विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाया कि कथित गंभीर आरोपों के बीच आरोपी विधायक पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय इस प्रकरण को उजागर करने वाले पत्रकार को ही गिरफ्तार क्यों किया गया।
पुलिस की कार्यप्रणाली और गिरफ्तारी के समय पर सवाल खड़े करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस घटनाक्रम से पूरे मामले की जांच की निष्पक्षता को लेकर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, प्रेस व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा निष्पक्ष न्यायिक प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनसरोकार और संवेदनशील मुद्दों पर सवाल उठाने वालों को गिरफ्तार करना किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। सरकार को यह समझना होगा कि सवालों और जनभावनाओं की आवाज को पुलिसिया दबाव या कार्रवाई के जरिए दबाया नहीं जा सकता। विपक्ष ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की कथित साजिश का पर्दाफाश होकर रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सच्चाई और न्याय की आवाज को हर स्थिति में बुलंद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा और वे इस प्रकरण में पारदर्शी व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग से पीछे नहीं हटेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
