कचरे को संसाधन समझना होगा, सर्कुलर इकोनॉमी से भारत की आयात निर्भरता घट सकती है सीआईआई के मसूद मलिक

कचरे को संसाधन समझना होगा, सर्कुलर इकोनॉमी से भारत की आयात निर्भरता घट सकती है सीआईआई के मसूद मलिक
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की नेशनल कमेटी ऑन वेस्ट टू वर्थ टेक्नोलॉजीज के अध्यक्ष मसूद मलिक ने गुरुवार को कहा कि भारत को कचरा प्रबंधन और रीसाइक्लिंग को केवल सफाई अभियान के तौर पर नहीं, बल्कि आर्थिक और रणनीतिक अवसर के रूप में देखना होगा। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी मात्रा में ऐसा मूल्यवान कच्चा माल कचरे के रूप में फेंका जा रहा है, जिसे पुनः उपयोग में लाकर आयात पर निर्भरता कम की जा सकती है और पर्यावरणीय दबाव भी घटाया जा सकता है।

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की नेशनल कमेटी ऑन वेस्ट टू वर्थ टेक्नोलॉजीज के अध्यक्ष मसूद मलिक ने गुरुवार को कहा कि भारत को कचरा प्रबंधन और रीसाइक्लिंग को केवल सफाई अभियान के तौर पर नहीं, बल्कि आर्थिक और रणनीतिक अवसर के रूप में देखना होगा। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी मात्रा में ऐसा मूल्यवान कच्चा माल कचरे के रूप में फेंका जा रहा है, जिसे पुनः उपयोग में लाकर आयात पर निर्भरता कम की जा सकती है और पर्यावरणीय दबाव भी घटाया जा सकता है।

'वेस्ट टू वर्थ' तकनीकों पर 11वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान, आईएएनएस के साथ खास बातचीत में मसूद मलिक ने कहा कि मौजूदा समय में अधिकांश रीसाइक्लिंग वास्तव में "डाउनसाइक्लिंग" है, यानी कचरे से बनने वाला नया उत्पाद मूल उत्पाद की तुलना में कम गुणवत्ता वाला होता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की असली चुनौती और अवसर "अपसाइक्लिंग" में है, जहां कचरे से समान या उससे अधिक मूल्य वाले उत्पाद तैयार किए जाएं।

उन्होंने कहा, "लोग यह नहीं समझते कि फेंकी गई बैटरियां, पुराना इलेक्ट्रॉनिक कचरा और प्लास्टिक सामग्री ऐसे महत्वपूर्ण संसाधन हैं, जिन्हें भारत भारी विदेशी मुद्रा खर्च कर आयात करता है। ऐसे संसाधनों को नष्ट करना आर्थिक और पर्यावरणीय दोनों दृष्टि से नुकसानदायक है।"

मलिक ने कहा, "सर्कुलर इकोनॉमी की सफलता के लिए सबसे बड़ा बदलाव लोगों के व्यवहार में आना चाहिए। कचरे को उसी स्थान पर अलग-अलग करना जरूरी है जहां वह पैदा होता है।"

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि चाय का इस्तेमाल किया हुआ टी-बैग और प्लास्टिक कप एक साथ फेंक दिया जाता है, तो वह प्लास्टिक पुनर्चक्रण योग्य नहीं रह जाता। इसी तरह गीले और सूखे कचरे को अलग नहीं करने से रीसाइक्लिंग की लागत बढ़ जाती है और पूरी प्रक्रिया आर्थिक रूप से कम व्यवहार्य हो जाती है।

उन्होंने आईएएनएस को बताया कि 'स्वच्छ भारत मिशन' के तहत भी स्रोत पर कचरा पृथक्करण पर विशेष जोर दिया गया है। यदि लोग शुरुआत में ही कचरे को अलग-अलग करें, तो बाद में उसे साफ करने और पुनर्चक्रण योग्य बनाने पर खर्च होने वाली बड़ी राशि बचाई जा सकती है।

निजी क्षेत्र की भूमिका पर बोलते हुए मसूद मलिक ने कहा, "भारत में वर्तमान समय में अधिकांश सर्कुलर इकोनॉमी गतिविधियां अभी भी बिखरे हुए और छोटे स्तर पर संचालित हो रही हैं। निजी क्षेत्र इस क्षेत्र में उद्यमशीलता, पूंजी और तकनीकी दक्षता लाकर इसे औद्योगिक पैमाने पर विकसित कर सकता है।"

उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में सर्कुलर इकोनॉमी के वास्तविक लाभ तभी मिलेंगे, जब रीसाइक्लिंग को संगठित और बड़े पैमाने पर विकसित किया जाएगा।

वैश्विक व्यापार और शुल्क संबंधी चुनौतियों पर उन्होंने कहा कि दुनिया भर में बढ़ती टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाएं अंतरराष्ट्रीय व्यापार को और जटिल बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि केवल अमेरिका की टैरिफ नीतियों को नहीं, बल्कि व्यापक वैश्विक व्यापार माहौल को देखना होगा। ऐसे समय में मजबूत और नियंत्रित आपूर्ति शृंखला का महत्व और बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा, "यदि भारत अपने कचरे में मौजूद मूल्यवान संसाधनों का प्रभावी उपयोग करता है, तो वह महत्वपूर्ण कच्चे माल के लिए बाहरी स्रोतों पर निर्भरता कम कर सकता है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story