'सही टाइम, सही लाइटिंग...', करिश्मा तन्ना ने बताया सोशल मीडिया कितना बदल गया

मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री करिश्मा तन्ना सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर वीडियो शेयर करती रहती हैं। गुरुवार को उन्होंने एक वीडियो शेयर कर फैंस से जरूरी सवाल भी किया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें वो पुराने दिन याद आते हैं, जब सोशल मीडिया पर जिंदगी की झलक शेयर करना बहुत आसान था। तब लोग बिना कैमरा एंगल, लाइटिंग और पोस्ट करने के सही टाइम के बारे में सोचे, कोई भी फोटो डाल देते थे।
करिश्मा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "सही तस्वीर सही टाइम पर। इसी से मुझे सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स मिलता है। अच्छी लाइटिंग, इवेंट से पहले की तस्वीरें, और तो और कैंडिड फोटो भी पहले से प्लान की जाती हैं। अपनी जिंदगी का थोड़ा सा हिस्सा शेयर करना इतना बड़ा काम कब बन गया?"
उन्होंने आगे लिखा, "मुझे वो पुराने दिन याद आते हैं, जब मैं डिनर की कोई धुंधली सी तस्वीर या अपने डॉग कोको की कोई रैंडम फोटो सिर्फ इसलिए डाल देती थी, क्योंकि उसे देखकर मुझे खुशी मिलती थी। वो कैंडिड थी, वो असली थी और वो मैं थी। खैर, मैं ये पोस्ट अभी इसलिए कर रही हूं क्योंकि मेरा मन कर रहा है। चाहे ट्रैक्शन का टाइम कुछ भी हो।"
करिश्मा ने फरवरी 2022 में बिजनेसमैन वरुण बंगेरा से एक छोटे से समारोह में शादी की थी। इस कपल ने 29 जुलाई 2026 को अपने पहले बच्चे, बेटे वेद का स्वागत किया था।
करिश्मा तन्ना इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मॉम 2' को लेकर चर्चा में हैं, जो दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की 2017 की फिल्म 'मॉम' का सीक्वल है। इस थ्रिलर फिल्म का निर्देशन गिरीश कोहली कर रहे हैं। इसे बोनी कपूर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में करिश्मा तन्ना के साथ खुशी कपूर और जिशु सेनगुप्ता अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग मुंबई और ग्रीस के अलावा यमुना एक्सप्रेसवे के पास फिल्म सिटी में भी की गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
