राजस्थान की जनता ने भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया, गुजरात मॉडल को नकारा गोविंद सिंह डोटासरा

जयपुर, 26 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने उपचुनाव के नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और बदहाल बुनियादी सुविधाओं से त्रस्त जनता ने भाजपा के कुशासन को नकार दिया है। साथ ही, उन्होंने चुरू में पार्टी के खिलाफ हुई कथित गद्दारी पर भी सख्त कार्रवाई का ऐलान किया।
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, जनता ने भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ कर दिया। इनका जो कुशासन था, अपराध बढ़ रहे थे। वे भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुके थे, बिना भ्रष्टाचार और बिना लेन-देन के कोई फाइल कहीं भी नहीं निकल रही थी। बेरोजगार, किसान और नौजवान परेशान थे। महिलाओं के साथ अपराध घटित हो रहे थे। मुख्यमंत्री भाषण दे रहे थे और मंत्री लूट-खसोट में लगे हुए थे। कोई सुनने वाला नहीं था। जनता की कोई परवाह नहीं की गई। बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब थी। प्रसूताओं की मौतें हो रही थीं और हमारे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हंस रहे थे।
उन्होंने कहा कि इनके सारे के सारे झूठ सामने आ गए। इनके कुशासन को जनता ने नकार दिया। मैं समझता हूं कि पीएम मोदी के गुजरात मॉडल को यहां की जनता ने नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि अगर इनको अकल नहीं आई और अगले दो साल भी इन्होंने काम नहीं किया, तो ये दो अंकों तक भी नहीं पहुंचेंगे। वर्तमान हालात में गोविंद राम की बेटी ने कांग्रेस से जीत हासिल की है। वे पहले प्रधान भी रही हैं। गोविंद राम का बेटा प्रधान रहा, उनकी धर्मपत्नी भी किसी पद पर रही हैं। गोविंद राम मंत्री रहे, सांसद का चुनाव लड़े और कैंपेन कमेटी के चेयरमैन रहे।
उन्होंने कहा कि इतने कम समय में भाजपा से आए हुए व्यक्ति को पार्टी ने इतना कुछ दे दिया और फिर दूसरों पर आरोप लगाकर उन्होंने अपनी बेटी के साथ, जैसा कि मुझे अब तक की प्रारंभिक रिपोर्ट मिली है, कांग्रेस के लोगों को अपने कब्जे में रखा। हमारे पीसीसी के ऑब्जर्वर को उन्होंने नहीं दिया। उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ वोटिंग की है।
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि इसकी रिपोर्ट हमने पार्टी हाईकमान को भेजने के लिए वहां के ऑब्जर्वर और डीसीसी से मंगवाई है। मैं समझता हूं कि कई दिनों से वे यह मन बना चुके थे। कई दिनों से बयानबाजी कर रहे थे और आज उन्होंने जो किया है, मैं समझता हूं कि ठीक नहीं किया। चूरू में जो हुआ, वह गलत हुआ है। जिन लोगों ने हमारे साथ गद्दारी की है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
