'गुजकोस्ट' समर साइंस कैंप 2026 गर्मी की छुट्टियों में मनोरंजन के साथ विज्ञान भी सीखेंगे बच्चे

गुजकोस्ट समर साइंस कैंप 2026  गर्मी की छुट्टियों में मनोरंजन के साथ विज्ञान भी सीखेंगे बच्चे
गुजरात सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यरत संस्थान 'गुजरात काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी' (गुजकोस्ट) राज्य भर में विज्ञान विषय की शिक्षा और विज्ञान के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ ही नवाचार को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।

गांधीनगर, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यरत संस्थान 'गुजरात काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी' (गुजकोस्ट) राज्य भर में विज्ञान विषय की शिक्षा और विज्ञान के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ ही नवाचार को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।

राज्य के आम लोगों, विशेषकर छात्रों में विज्ञान और टेक्नोलॉजी के प्रति रुचि बढ़ाने और समझ विकसित करने के उद्देश्य से गुजकोस्ट द्वारा पाटण, भावनगर, राजकोट और भुज में क्षेत्रीय विज्ञान केंद्रों (आरएससी) की स्थापना की गई है। ये केंद्र आज विज्ञान विषय की जिज्ञासा को शांत करने तथा व्यावहारिक शिक्षा एवं साइंस टूरिज्म के वाइब्रेंट केंद्र के रूप में उभरे हैं।

गुजकोस्ट ने गर्मियों की छुट्टियों को बच्चों के लिए आकर्षक बनाने और उन्हें मनोरंजन के साथ विज्ञान की शिक्षा देने के लिए एक नई पहल की है। विज्ञान विषय में रुचि रखने वाले बच्चों के साथ-साथ अन्य बच्चों में भी विज्ञान के प्रति दिलचस्पी पैदा करने के उद्देश्य से गुजकोस्ट ने आगामी 1 से 30 मई के दौरान राज्य में स्थित चारों क्षेत्रीय विज्ञान केंद्रों में अलग-अलग बैच में तीन दिवसीय रेजिडेंशियल समर साइंस कैंप का आयोजन किया है।

इस कैंप को कक्षा 6 से 10 के छात्रों के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें प्रत्येक बैच में अधिकतम 50 छात्र शामिल हो सकते हैं। इस कैंप के दौरान विज्ञान आधारित पांच आकर्षक थीम को कवर किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान और आविष्कार की भूमिका पर बल देते हुए ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ का अपडेटेड राष्ट्रीय नारा दिया है। उन्होंने कहा है, “विज्ञान भारत के भविष्य के विकास और नवाचार के केंद्र में है। विज्ञान आविष्कार, क्रमिक विकास और नवाचार का आधार है।”

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी इस बात पर ध्यान केंद्रित किया है कि गुजरात के अधिक से अधिक छात्रों की विज्ञान में दिलचस्पी पैदा हो। आज, जब गुजरात सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा और डिजिटल साइंस जैसे क्षेत्रों का हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब भविष्य में इन क्षेत्रों के लिए कुशल तकनीकी कार्यबल की बड़े पैमाने पर मांग पैदा होगी। इसके लिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक छात्र कक्षा 11 और 12 में विज्ञान संकाय का चुनाव करें। गुजकोस्ट द्वारा ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन यह सुनिश्चित करेगा कि राज्य के अधिक से अधिक छात्र विज्ञान विषय में रुचि लें और आगे जाकर इस क्षेत्र में अपना करियर बनाने के बारे में सोचें।

कक्षा 6 से 10 के छात्रों के लिए आयोजित किए गए इस समर कैंप में छात्रों के लिए रुचिकर पांच आकर्षक थीमों को कवर किया गया है। इनमें वैज्ञानिक कैसे बनें, स्पेस (अंतरिक्ष) समर कैंप, मरीन बायोलॉजी/मशीन इंजीनियरिंग, एआई और रोबोटिक्स तथा एक्सप्लोरिंग नेचर यानी प्रकृति के तत्वों की खोज जैसी थीम शामिल हैं।

समर साइंस कैंप के दौरान छात्रों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया है, जिनमें व्यावहारिक प्रयोग, विज्ञान प्रदर्शनी, मल्टीमीडिया सत्र, नाइट स्काई ऑब्जर्वेशन (रात्रिकालीन खगोलीय अवलोकन), फील्ड विजिट, क्विज प्रतियोगिता, विज्ञान से जुड़े खेल और वॉक-थ्रू इन गैलरी आदि शामिल हैं। ये गतिविधियां बच्चों को मनोरंजन के साथ विज्ञान से परिचित कराएंगी। समर साइंस कैंप के दौरान छात्रों को विज्ञान विषय के विशेषज्ञों के साथ बातचीत और चर्चा करने का भी अवसर मिलेगा।

इसके अलावा, कैंप के दौरान बच्चों को नमो सरस्वती विज्ञान साधना योजना, मुख्यमंत्री ज्ञान साधना मेरिट स्कॉलरशिप योजना और मुख्यमंत्री ज्ञान सेतु मेरिट स्कॉलरशिप योजना जैसी राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी के साथ-साथ भावी करियर के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। राज्य के छात्रों को कक्षा 11 और 12 में विज्ञान संकाय में अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने नमो सरस्वती विज्ञान साधना योजना लागू की है।

राज्य के सरकारी या अनुदानित स्कूलों में कक्षा 5 की पढ़ाई पूरी करने वाले 2,00,000 प्रतिभाशाली छात्रों के लिए विभिन्न स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययन करने के लिए स्कॉलरशिप देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ज्ञान सेतु मेरिट स्कॉलरशिप योजना तथा राज्य के सरकारी या शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में कक्षा-1 से 8 तक पढ़ाई पूरी करने वाले 1,00,000 प्रतिभाशाली छात्रों के लिए विभिन्न स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययन करने के लिए स्कॉलरशिप देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ज्ञान साधना मेरिट स्कॉलरशिप योजना लागू की गई है।

इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य राज्य के छात्रों को आर्थिक रूप से मदद करना है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी छात्र की शिक्षा अधूरी न रह जाए। गुजकोस्ट द्वारा समर साइंस कैंप की इस पहल का उद्देश्य छात्रों में सृजनात्मकता बढ़ाना, स्टेम (एसटीईएम, साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स) करियर को बढ़ावा देना तथा छात्रों और विज्ञान के बीच एक स्थायी संबंध स्थापित करना है। इस कैंप में छात्रों को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। कैंप में हिस्सा लेने के इच्छुक छात्र और उनके अभिभावक अपने क्षेत्र के निकट स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 April 2026 4:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story