ग्वालियर में जुड़वा बहनों ने दिखाई साहस, मोबाइल स्नैचर का पीछा कर दबोचा, पुलिस ने किया सम्मानित

ग्वालियर में जुड़वा बहनों ने दिखाई साहस, मोबाइल स्नैचर का पीछा कर दबोचा, पुलिस ने किया सम्मानित
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो जुड़वा बहनों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया। दोनों बहनों ने न केवल आरोपी का पीछा किया, बल्कि उसे दबोचकर अपना मोबाइल वापस हासिल किया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इस बहादुरी के लिए ग्वालियर पुलिस ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया है।

ग्वालियर, 8 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो जुड़वा बहनों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया। दोनों बहनों ने न केवल आरोपी का पीछा किया, बल्कि उसे दबोचकर अपना मोबाइल वापस हासिल किया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इस बहादुरी के लिए ग्वालियर पुलिस ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लॉ की छात्राएं राशिता अग्रवाल और आशिता अग्रवाल स्कूटी से कॉलेज जा रही थीं। इसी दौरान जब वे फूलबाग चौराहे के पास नए पुल से गुजर रही थीं, तभी एक बाइक सवार युवक ने अचानक राशिता के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार होने लगा।

घटना के बाद दोनों बहनों ने हिम्मत दिखाई और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी पर उन्होंने युवक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मौके से भागने की काफी कोशिश की, लेकिन दोनों बहनों के साहस के आगे उसकी एक नहीं चली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहनों ने आरोपी से अपना मोबाइल वापस लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस दौरान आरोपी ने कई बार माफी भी मांगी, लेकिन दोनों बहनों ने डायल-112 पर सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मनप्रीत के रूप में हुई है, जो पंजाब का रहने वाला है और काम के सिलसिले में ग्वालियर आया था।

दोनों बहनों की बहादुरी से प्रभावित होकर ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने उन्हें बुलाकर सम्मानित किया और उनके साहस की सराहना की। एसएसपी ने कहा कि जागरूक और साहसी नागरिक समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे लोगों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

फिलहाल, पड़ाव थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह पहले भी मोबाइल स्नैचिंग या अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।

इस बीच, आरोपी को पकड़ने के दौरान दोनों जुड़वा बहनों की बहादुरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Aug 2026 8:05 PM IST

Tags

Next Story