हमेशा से ही अराजकता का माहौल पैदा कर राजनीति करती है कांग्रेस मंत्री गौरव गौतम
चंडीगढ़, 22 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार में मंत्री गौरव गौतम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर धरना प्रदर्शन करने की निंदा की।
उन्होंने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही अराजकता का माहौल पैदा करके देश में राजनीति करना चाहती है। विपक्ष का रवैया अपमानजनक रहा है। अगर कोई मुद्दा वाकई में देशहित में है तो उसका केंद्र सरकार ने हमेशा समर्थन किया है। अगर उनके पास देशहित से जुड़ा कोई मुद्दा है तो उस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा समय में जिस तरह से युवाओं को बहला फुसलाकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, वह बिल्कुल भी ठीक नहीं है।
मंत्री गौरव गौतम के मुताबिक, हर राजनीतिक दल की एक जिम्मेदारी होती है। ऐसी स्थिति में मैं विपक्षी दलों से यही कहना चाहूंगा कि वो पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें। ऐसा कोई काम न करें, जिससे देश का माहौल खराब हो। हम लोगों को यह पूरी साजिश समझ में आ रही है कि किस तरह से लोगों को भड़का करके देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है। मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि इस तरह की स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर आपके पास वाकई में देशहित से जुड़ा मुद्दा है तो उसे संसद में उठाएं। संसद का सत्र चल रहा है। हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा होगी। देश के लोगों ने आपको चुनकर भेजा है कि देशहित के बारे में बात करें। अगर युवाओं से जुड़ा कोई मुद्दा है तो उसे उठाएं।
मंत्री ने कहा कि अगर कोई बाहरी ताकत का सहारा लेकर देश को कमजोर करने की कोशिश करेगा तो उसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आप देख सकते हैं कि वहां पर मौजूदा समय में किस तरह के नारे लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के लोग इस प्रकार की बातों को फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे लगता है कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सबसे अच्छा मंच संसद ही है। केंद्र सरकार किसी भी प्रकार की अराजकता को फैलने नहीं देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 6:00 PM IST












