'हमने अच्छी गेंदबाजी नहीं की', सीजन की पहली हार के बाद बोले कप्तान श्रेयस अय्यर

न्यू चंडीगढ़, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। सीजन की पहली हार के बाद पीबीकेएस के कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि टीम के गेंदबाज इस मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "222 एक शानदार स्कोर था। यह एक मुश्किल पिच पर एक असाधारण प्रदर्शन था। हमने इस मुकाबले में अच्छी गेंदबाजी नहीं की। यह एक ऐसा फॉर्मेट है जहां बहुत सारे खिलाड़ियों ने मैच को बदल दिया है। यह सब एग्जीक्यूशन के बारे में है। आज हमारा दिन नहीं था। यह जरूरी है कि हम उन चीजों पर टिके रहें जो हम कर रहे हैं। शरीर भी थोड़ा थका हुआ था, लेकिन वह कारण नहीं हो सकता है। यह सीजन की हमारी पहली हार है, जो हमें बहुत कुछ सिखाएगी। हमें बस इस हार को एक तरफ रखना होगा। पीछे मुड़कर देखने पर बहुत कुछ हो सकता था।"
पंजाब किंग्स ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 222 रन लगाए। प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। वहीं, मार्कस स्टोइनिस ने महज 22 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 62 रन बनाए। स्टोइनिस ने अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 30 रनों का योगदान दिया, तो प्रियांश आर्या ने 29 रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स ने 223 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यशस्वी जायसवाल ने 27 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 43 रन बनाए। वहीं, डोनोवन फेरेरा ने महज 26 गेंदों में 200 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 52 रनों की आतिशी पारी खेली। शुभम दुबे ने 12 गेंदों में 31 रनों की नाबाद पारी खेली। फेरेरा और शुभम ने पांचवें विकेट के लिए मिलकर 32 गेंदों में 77 रनों की अटूट साझेदारी निभाई और आरआर को जीत दिलाकर लौटे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 April 2026 11:26 PM IST











