'हर घर तिरंगा' कैंपेन को लेकर प्रियांक खड़गे ने साधा निशाना, लिखा-बांटते फिरते हैं 'देशभक्त' होने का सर्टिफिकेट
नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति के उत्सव में बदलने के लिए देशभर में भाजपा की ओर से 'हर घर तिरंगा' कैंपेन चलाया जा रहा है। इसे लेकर कांग्रेस नेता और कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "भाजपा को अपना 'हर घर तिरंगा' कैंपेन आरएसएस हेडक्वार्टर से शुरू करना चाहिए।
प्रियांक ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "आजादी के बाद पांच दशकों से ज्यादा समय तक आरएसएस ने अपने नागपुर हेडक्वार्टर पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया। तिरंगा आधिकारिक तौर पर 2002 में ही फहराया गया था। हर भारतीय को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने से पहले शायद भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि उसकी वैचारिक मूल संस्था ने तिरंगे के बजाय भगवा ध्वज को क्यों चुना और इतने लंबे समय तक उसके अपने हेडक्वार्टर से राष्ट्रीय ध्वज क्यों नदारद रहा?"
प्रियांक खड़गे ने सवाल करते हुए लिखा, "एक सीधा सा सवाल अब भी बाकी है कि आपने आरएसएस के कितने ऐसे रूट मार्च देखे हैं जिनमें स्वयंसेवक पूरी यूनिफॉर्म में गर्व के साथ भारतीय तिरंगा लेकर मार्च करते हैं? एक भी नहीं। और ये लोग हर किसी को 'देशभक्त' होने का सर्टिफिकेट बांटते फिरते हैं।
बता दें कि दिल्ली भाजपा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा गया, "हर घर तिरंगा अभियान के तहत आइए, स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति के उत्सव में बदलें। अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यस्थल पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। तिरंगे के साथ अपनी फोटो/सेल्फी लें और 'हर घर तिरंगा' के साथ सोशल मीडिया पर साझा करें।"
भाजपा ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "डल झील, शिकारे, तिरंगा और पूरे रोंगटे खड़े हो गए! कश्मीर की खूबसूरती के बीच, शान से लहरता तिरंगा...यही है नए कश्मीर की नई पहचान! यहां सुकून है, विकास है और हर दिल में देश के लिए गर्व है। ये सिर्फ एक नजारा नहीं...नए कश्मीर की एनर्जी है!"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Aug 2026 12:09 PM IST












