हरिद्वार आस्था स्थल पर शर्मनाक घटना, हर की पौड़ी में महिला से मारपीट का वीडियो वायरल

हरिद्वार  आस्था स्थल पर शर्मनाक घटना, हर की पौड़ी में महिला से मारपीट का वीडियो वायरल
धर्मनगरी उत्तराखंड के पवित्र शहर हरिद्वार के विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी क्षेत्र से सामने आया मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक और महिला के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।

हरिद्वार, 8 जून (आईएएनएस)। धर्मनगरी उत्तराखंड के पवित्र शहर हरिद्वार के विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी क्षेत्र से सामने आया मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक और महिला के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।

मामले को लेकर आरोप है कि बहस के दौरान युवक ने महिला को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। वीडियो में महिला पुलिस बुलाकर कार्रवाई कराने की बात कहती सुनाई दे रही है। महिला का आरोप है कि मारपीट करने वाला युवक खुद को गंगा सभा का कर्मचारी बता रहा था।

पीड़ित महिला ने संबंधित युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि वह पिछले 15 दिनों से हरिद्वार में रहकर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान कर रही है। ऐसे में आस्था और श्रद्धा के सबसे बड़े केंद्रों में शुमार हर की पौड़ी से इस तरह की घटना सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है।

करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस स्थल पर हुई मारपीट की घटना ने लोगों को भी चिंतित किया है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। वहीं, मामले को लेकर पीड़िता क्रांति गुप्ता ने सोमवार को आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि वह ग्रोथ सेंटर, बिजौली, थाना-बदलीनायक, जिला-झांसी, उत्तर प्रदेश से 15 मई को यहां आई थी।

उन्होंने बताया कि वह यहां अधिक मास में एक महीने के लिए आई हैं। वह प्रतिदिन हर की पौड़ी स्थित जगन्नाथ स्वामीजी मंदिर में पूजा-अर्चना करने आती हैं, जहां मंदिर के पास एक पीपल का पेड़ है और उसके नीचे भगवान शिव की मूर्ति स्थापित है।

उन्होंने बताया कि वहां एक लड़का रोज आता है, जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष होगी। महिला ने युवक पर गलत तरीके से छूने, आस्था में विघ्न डालने, परेशान करने और हाथ उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बता दें कि पीड़िता की उम्र लगभग 64 वर्ष है, जो एक इंटर कॉलेज की रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं। यह घटना सुबह लगभग 4.30 बजे की बताई जा रही है। इस घटना के दौरान उनके साथ उनकी बहन भी मौजूद थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Jun 2026 4:41 PM IST

Tags

Next Story