जबरदस्त भूकंप से कांपा फीलीपींस, जापान में सुनामी अलर्ट जारी
टोक्यो, 8 जून (आईएएनएस)। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, सोमवार को दक्षिणी फिलीपींस के तट के पास आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद जापान के प्रशांत तटीय क्षेत्रों और देश के अन्य हिस्सों में कुछ सेंटीमीटर से लेकर लगभग 20 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी लहरें दर्ज की गईं।
एजेंसी ने सोमवार सुबह जापान के पूर्वी प्रशांत तट पर स्थित इबारकी प्रीफेक्चर (प्रांत) से लेकर दक्षिण में ओकिनावा प्रीफेक्चर तक के तटीय इलाकों के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी की थी।
मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, टोक्यो के दक्षिण में स्थित चिचिजिमा द्वीप, वाकायामा प्रीफेक्चर के कुशिमोटो नगर और मियाजाकी प्रीफेक्चर के मियाजाकी बंदरगाह पर लगभग 20 सेंटीमीटर ऊंची लहरें दर्ज की गईं।
इसके अलावा, कागोशिमा प्रीफेक्चर, माई प्रीफेक्चर और मियाजाकी प्रांत के कई अन्य इलाकों में करीब 10 सेंटीमीटर ऊंची लहरें देखी गईं। ओकिनावा और अन्य क्षेत्रों में भी छोटी सुनामी लहरों की सूचना मिली।
स्थानीय समयानुसार शाम 4:50 बजे तक सभी सुनामी चेतावनियां और परामर्श वापस ले लिए गए।
रिपोर्ट के अनुसार, एक समय चीबा, कोची और ओकिनावा सहित 10 प्रांतों में 1.95 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई थी।
इस बीच, इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी (बीएमकेजी) ने भी सोमवार को अपनी सुनामी चेतावनी वापस ले ली। इससे कुछ घंटे पहले फिलीपींस में आए भूकंप के बाद उत्तरी तटीय इलाकों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया गया था।
बीएमकेजी ने कहा कि समुद्र के जलस्तर के सामान्य होने के बाद चेतावनी समाप्त कर दी गई। एजेंसी के अनुसार, सोमवार सुबह उत्तरी इंडोनेशिया के कई तटीय निगरानी केंद्रों पर हल्की सुनामी लहरें दर्ज की गई थीं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, फिलीपींस में आए शक्तिशाली भूकंप के कारण उत्तर-पूर्वी इंडोनेशिया के कुछ तटीय क्षेत्रों में लोगों के बीच दहशत फैल गई। झटके कई शहरों और गांवों में महसूस किए गए, हालांकि तत्काल किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
'फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोलकैनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी' ने बताया कि सोमवार सुबह दक्षिणी फिलीपींस के समुद्री क्षेत्र में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी ने देश के उत्तर-पूर्वी तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Jun 2026 5:02 PM IST












