हरियाणा के सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित, 25 मई से 30 जून तक रहेंगे बंद
चंडीगढ़, 21 मई (आईएएनएस)। भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार सभी स्कूल 25 मई 2026 (सोमवार) से 30 जून 2026 (मंगलवार) तक बंद रहेंगे। विद्यालय 1 जुलाई 2026 (बुधवार) से पुनः नियमित रूप से खुलेंगे।
यह आदेश राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, खण्ड शिक्षा अधिकारियों तथा खण्ड मौलिक शिक्षा अधिकारियों को जारी किया गया है।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार के उल्लंघन की सूचना तुरंत उच्च स्तर पर भेजी जाए।
आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी विद्यालयों में अवकाश आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्कूल नोटिस बोर्ड, एसएमएस, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से अवकाश की जानकारी दी जाए। अवकाश अवधि के दौरान गृहकार्य, एसएमसी बैठकें, पीटीएम एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का समयानुसार संचालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही मध्याह्न भोजन योजना के तहत अवकाश अवधि में मिड-डे मील का संचालन स्थगित रहेगा।
सरकार ने यह कदम छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि गर्मी और हीटवेव के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति गंभीर हो गई। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिसके चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए।
आईएमडी के अनुसार, यह भीषण गर्मी अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होगा।
चंडीगढ़ भी भीषण गर्मी की चपेट में है। आईएमडी के निदेशक सुरिंदर पॉल ने कहा कि अगले कम से कम 48 घंटों तक लू जैसी स्थिति बनी रहने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के रोहतक में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 May 2026 11:57 PM IST












