आईआरसीटीसी ने 2026-27 सीजन के लिए गोल्डन चैरियट लग्जरी ट्रेन की लॉन्च, यात्रियों के लिए विशेष ऑफर

आईआरसीटीसी ने 2026-27 सीजन के लिए गोल्डन चैरियट लग्जरी ट्रेन की लॉन्च, यात्रियों के लिए विशेष ऑफर
भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने 2026–27 पर्यटन सीजन के लिए लग्जरी ट्रेन ‘गोल्डन चैरियट’ का नया और उन्नत संस्करण लॉन्च किया है। यह ट्रेन भारतीय रेलवे की पर्यटन शाखा और रेल मंत्रालय के अंतर्गत नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम है।

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने 2026–27 पर्यटन सीजन के लिए लग्जरी ट्रेन ‘गोल्डन चैरियट’ का नया और उन्नत संस्करण लॉन्च किया है। यह ट्रेन भारतीय रेलवे की पर्यटन शाखा और रेल मंत्रालय के अंतर्गत नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम है।

दक्षिण भारत के ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाने वाली यह ट्रेन अब आधुनिक सुविधाओं और लग्जरी अनुभव के साथ एक नए स्वरूप में यात्रियों के लिए पेश की गई है।

नई गोल्डन चैरियट ट्रेन में यात्रियों के लिए प्रीमियम सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इसमें आकर्षक इंटीरियर, आरामदायक केबिन, स्मार्ट टीवी, वाई-फाई स्ट्रीमिंग और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था शामिल है। ट्रेन में सीसीटीवी, उन्नत फायर अलार्म सिस्टम और प्रशिक्षित हॉस्पिटैलिटी स्टाफ की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

इस ट्रेन में कुल 40 केबिन हैं, जिनमें 13 डबल बेड, 26 ट्विन बेड और एक विशेष रूप से दिव्यांग यात्रियों के लिए डिजाइन किया गया केबिन शामिल है। यह ट्रेन एक समय में लगभग 80 यात्रियों को समायोजित कर सकती है।

यात्रियों के लिए दो फाइन डाइनिंग रेस्तरां ‘रुचि’ और ‘नलपाक’ की सुविधा दी गई है, जहां भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अलावा ‘मदीरा’ नामक लाउंज बार और ‘आरोग्य स्पा एंड फिटनेस सेंटर’ भी ट्रेन में मौजूद है, जहां आयुर्वेदिक थेरेपी और आधुनिक फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध हैं।

नई सीजन में ट्रेन कई आकर्षक रूटों पर चलेगी, जिनमें प्राइड ऑफ कर्नाटक (6 दिन) – बेंगलुरु से गोवा तक, ज्वेल्स ऑफ साउथ (6 दिन) – दक्षिण भारत के ऐतिहासिक शहरों का भ्रमण और ग्लिम्प्सेस ऑफ कर्नाटक (4 दिन) – बेंगलुरु से हम्पी तक छोटा टूर शामिल हैं।

आईआरसीटीसी ने इस सीजन के लिए विशेष प्रमोशनल ऑफर भी घोषित किए हैं। यात्रियों को चयनित यात्राओं पर 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके अलावा 30 जून 2026 तक एडवांस पेमेंट करने पर 5 प्रतिशत अतिरिक्त अर्ली-बर्ड डिस्काउंट भी दिया जाएगा। यह ऑफर उपलब्धता और निर्धारित शर्तों के अनुसार लागू रहेगा।

आईआरसीटीसी का कहना है कि यह पहल भारत में लक्जरी रेल टूरिज्म को एक नई ऊंचाई देने और घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से की गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 May 2026 11:57 PM IST

Tags

Next Story