हजारीबाग सदर अस्पताल में महिला की मौत पर बवाल, परिजनों और स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम
हजारीबाग, 28 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 36 वर्षीय महिला मालती देवी की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को शहर के झंडा चौक पर उग्र प्रदर्शन किया और मेन रोड को जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब घंटे भर बाद पुलिस-प्रशासन के हस्तक्षेप पर जाम हटा लिया गया। मृतका मालती देवी के परिजनों का आरोप है कि रविवार को उल्टी और चक्कर की शिकायत के बाद उन्हें दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच सदर अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर से जांच कराने के बाद उन्हें इंजेक्शन दिया गया।
परिवार के मुताबिक, इंजेक्शन दिए जाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और करीब 20 मिनट के भीतर उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल में उनकी समुचित निगरानी नहीं की गई। उन्होंने कुछ स्वास्थ्यकर्मियों के बातचीत और हंसी-मजाक में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया है। मामले को लेकर परिजनों ने सदर थाने में लिखित शिकायत भी दी है।
उनका कहना है कि सोमवार तड़के करीब चार बजे आवेदन देकर घटना की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। परिजनों ने अस्पताल में तैयार किए गए दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मालती देवी की मौत दोपहर करीब एक बजे हुई, जबकि अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत्यु का समय शाम करीब छह बजे दर्ज किया गया है। मालती देवी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और हजारीबाग में किराए के मकान में रहती थीं।
परिजनों के मुताबिक, उनके पति मजदूरी और कुली का काम करते हैं। महिला की मौत के बाद उनके पीछे चार बच्चे रह गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अस्पताल के उपचार संबंधी रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कराई जाए तथा महिला की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जाए। उन्होंने जिम्मेदारी तय होने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग भी की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 10:40 AM IST












