हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल

हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल
झारखंड के हजारीबाग जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द स्थित रेलवे साइडिंग के पास हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से दो अपराधी घायल हो गए। दोनों का संबंध राहुल दुबे गैंग से बताया गया है।

हजारीबाग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द स्थित रेलवे साइडिंग के पास हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से दो अपराधी घायल हो गए। दोनों का संबंध राहुल दुबे गैंग से बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों शातिर शूटर हैं। घटना की पुष्टि हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने की है। घायल अपराधियों की पहचान दीप नारायण भगत और राहुल कुमार उर्फ रॉकी के रूप में हुई है। दीप नारायण भगत हजारीबाग जिले के पदमा का रहने वाला है। वहीं, राहुल कुमार उर्फ रॉकी चतरा जिले के नगवां का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए कटकमसांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान दो अन्य अपराधी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। बताया गया है कि हजारीबाग जिले में पिछले कुछ दिनों से राहुल दुबे गैंग के सदस्य लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इससे इलाके में दहशत का माहौल था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग के कुछ सदस्य कटकमसांडी रेलवे साइडिंग के पास किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से गोलीबारी हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और अन्य वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को घायल अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा मामले की आगे की जांच के निर्देश दिए। पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश के साथ राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story