हीरामंडी के जश्न में डूबे मेकर्स; बोले- दो साल बाद भी कम नहीं हुआ 'डायमंड बाजार' का क्रेज

हीरामंडी के जश्न में डूबे मेकर्स; बोले- दो साल बाद भी कम नहीं हुआ डायमंड बाजार का क्रेज
मशहूर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' ने रिलीज के दो साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और यादगार पोस्ट शेयर किया।

मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। मशहूर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' ने रिलीज के दो साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और यादगार पोस्ट शेयर किया।

संजय लीला भंसाली ने अपने इंस्टाग्राम पर सीरीज के कुछ सीन्स का एक खास वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "इन नजारों में जो ठहरा वो वक्त के साथ मिटा नहीं, दो साल बाद भी हीरामंडी नजरों से उतरकर दिल में तो बसी है। फिल्म 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' ने रिलीज के 2 साल पूरे किए।"

'हीरामंडी' संजय लीला भंसाली का एक ड्रीम प्रोजेक्ट था, जिसे उन्होंने एक भव्य वेब सीरीज के रूप में नेटफ्लिक्स पर उतारा था। यह सीरीज अपनी बेमिसाल सिनेमेटोग्राफी, भारी-भरकम सेट, शानदार वेशभूषा और दमदार संगीत के लिए जाना जाती है। आजादी के पूर्व के लाहौर की पृष्ठभूमि पर आधारित यह कहानी तवायफों की जिंदगी, उनके संघर्ष और उनके शौर्य को पर्दे पर उकेरती है। भंसाली ने जिस बारीकी से इस सीरीज को बनाया है, वह इसे बार-बार देखने लायक बनाता है।

संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' एक भव्य नेटफ्लिक्स वेब सीरीज है। इसकी कहानी 1940 के दशक के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाहौर की हीरामंडी की तवायफों की जिंदगी, प्यार, राजनीति और राजसी ठाठ-बाट की कहानी दिखाती है।

कहानी मुख्य रूप से मल्लिका जान (मनीषा कोइराला) और फरीदन (सोनाक्षी सिन्हा) के बीच शक्ति संघर्ष के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें तवायफों का ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह भी शामिल है। सीरीज में मनीषा कोइराला, सोनाक्षी सिन्हा, अदिति राव हैदरी, ऋचा चड्ढा, शर्मिन सहगल, संजीदा शेख, फरदीन खान, शेखर सुमन और ताहा शाह बदुशा प्रमुख भूमिकाओं में थी।

दो साल बीत जाने के बाद भी सोशल मीडिया पर 'हीरामंडी' के किरदारों, चाहे वह मल्लिकाजान हो या फरीदन, की चर्चा कम नहीं हुई है। वहीं, फैंस अब संजय लीला भंसाली के अगले प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2026 4:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story