राजनीति: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

शिमला, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को दीपावली के पावन अवसर पर समस्त देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल शुक्ल ने कहा कि रोशनी का त्योहार दीपावली खुशी, बुराई पर अच्छाई की जीत और प्रकाश से अंधकार को दूर करने का प्रतीक है। दीपावली प्रदेशवासियों के जीवन में भरपूर खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आएगी।
उन्होंने सभी से प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए पर्यावरण-अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह त्योहार राज्य के लोगों के लिए ज्ञान, खुशहाली और समृद्धि लेकर आएगा।
उन्होंने लोगों से एकता और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने की अपील की।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बुधवार को शिमला के मशोबरा और टूटीकंडी स्थित बालिका और बाल आश्रम में बच्चों के साथ दीपावली मनाई।
बाल एवं बालिका आश्रमों की बालिकाओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में उन्हें अन्य स्थलों के अलावा शैक्षणिक और एक्सपोजर यात्रा के लिए गोवा ले जाने का इरादा रखती है।
उन्होंने कहा, "सरकार अनाथ बच्चों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी शिक्षा, पालन-पोषण और देखभाल राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने अनाथ बच्चों को राज्य के बच्चों के रूप में गोद लेने का कानून बनाया है। इसके अलावा, सरकार उनकी शिक्षा के लिए कोचिंग खर्च हेतु 75,000 रुपये भी प्रदान करेगी।"
सुक्खू ने शिमला जिला प्रशासन को मशोबरा स्थित बालिका आश्रम में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने के निर्देश दिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 Oct 2024 1:18 PM IST