पाकिस्तान इस्लामाबाद के अस्पताल में भीषण आग से 15 नवजात बच्चे जिंदा जले

पाकिस्तान  इस्लामाबाद के अस्पताल में भीषण आग से 15 नवजात बच्चे जिंदा जले
पाकिस्तान के इस्लामाबाद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के गायनेकोलॉजी वार्ड में भीषण आग लगने से कम से कम 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई।

इस्लामाबाद, 26 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के इस्लामाबाद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के गायनेकोलॉजी वार्ड में भीषण आग लगने से कम से कम 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई।

पीआईएमएस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के समय नर्सरी में 16 नवजात शिशु थे। इन 16 शिशुओं में से केवल एक को ही प्रभावित इलाके से समय रहते बचाया जा सका जबकि बाकी बच्चे आग में जिंदा जल गए। पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया संस्थान जियो टीवी के अनुसार, बचाव कार्य से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कथित तौर पर एयर-कंडीशनर का कंप्रेसर फटने से सुबह करीब 6:45 बजे नर्सरी में आग लगी।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि फायर फाइटिंग टीमों के अस्पताल पहुंचने और ऑपरेशन शुरू करने के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने के बाद भी टीमें घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन करती रहीं ताकि आग के दोबारा भड़कने की कोई संभावना न रहे। जिला प्रशासन के अनुसार, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (एमसीएच) वार्ड की तीसरी मंजिल पर लगी आग में 14 बच्चे पूरी तरह जल गए। प्रशासन ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद बचाव कर्मियों ने कार्रवाई की।

जिला प्रशासन ने बताया कि आपातकालीन कार्रवाई के तहत फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां और चार एम्बुलेंस तैनात की गईं। इस घटना ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था, खासकर कमजोर नवजात बच्चों वाले वार्ड में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने आग लगने की परिस्थितियों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच से उन परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा, जिनके कारण नवजात शिशुओं की मौत हुई और आपातकालीन स्थिति में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी। घटना और जांच समिति के निष्कर्षों के बारे में और जानकारी का इंतजार है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2026 11:20 AM IST

Tags

Next Story