साहिबाबाद में पेपर मार्ट में लगी भीषण आग, फायर सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

साहिबाबाद में पेपर मार्ट में लगी भीषण आग, फायर सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
गाजियाबाद में साहिबाबाद क्षेत्र के कड़कड़ मॉडल साइट-4 स्थित एक पेपर मार्ट में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में रखे पेपर रोल आग की चपेट में आने के बाद तेजी से जलने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित फैक्ट्रियों तक आग पहुंचने का खतरा पैदा हो गया।

गाजियाबाद, 26 अगस्त (आईएएनएस)। गाजियाबाद में साहिबाबाद क्षेत्र के कड़कड़ मॉडल साइट-4 स्थित एक पेपर मार्ट में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में रखे पेपर रोल आग की चपेट में आने के बाद तेजी से जलने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित फैक्ट्रियों तक आग पहुंचने का खतरा पैदा हो गया।

सूचना मिलते ही साहिबाबाद फायर स्टेशन की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई और कड़ी मशक्कत के चलते आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया गया। अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 26 अगस्त को सुबह करीब 5:31 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद, कमिश्नरेट गाजियाबाद को सूचना मिली कि प्लॉट नंबर 306, कड़कड़ मॉडल साइट-4, साहिबाबाद, रेड रोज पब्लिक स्कूल के पास स्थित यक्षित पेपर मार्ट में भीषण आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन साहिबाबाद के प्रभारी अधिकारी तीन फायर टेंडरों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

फायर यूनिट के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में रखे पेपर रोल में आग लगी हुई थी। कागज अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी और उसने विकराल रूप धारण कर लिया था। फैक्ट्री के आसपास अन्य औद्योगिक इकाइयां भी स्थित थीं, जिसके कारण आग के आसपास की फैक्ट्रियों तक पहुंचने का गंभीर खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने तत्काल फायर फाइटिंग शुरू कर दी। आग की भयावहता और पेपर रोल की बड़ी मात्रा को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता महसूस हुई।

इसके बाद फायर स्टेशन वैशाली से एक अतिरिक्त वाटर बाउजर घटनास्थल पर मंगाया गया। अतिरिक्त दमकल संसाधन पहुंचने के बाद आग बुझाने का अभियान और तेज किया गया। आग पर काबू पाने के दौरान सबसे बड़ी चुनौती पेपर रोल के अंदर तक पहुंची आग को बुझाना था। बाहर से पानी डालने के बावजूद पेपर रोल के भीतर आग दबे रहने की आशंका थी। ऐसे में मौके पर जेसीबी मशीन मंगाई गई, जिसकी मदद से पेपर रोल को उलट-पलटकर अंदर छिपी आग और गर्म हिस्सों तक फायर फाइटिंग टीम की पहुंच बनाई गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को पूरी तरह नियंत्रित किया।

फायर सर्विस के जवानों ने साहस और कड़ी मशक्कत करते हुए आग को पूर्ण रूप से बुझाकर स्थिति को शांत किया। टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण आग आसपास स्थित फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़े औद्योगिक हादसे को टाल दिया गया। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो आसपास की अन्य फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। फायर विभाग के अनुसार, इस अग्निकांड में किसी व्यक्ति की मृत्यु या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का विस्तृत आकलन संबंधित स्तर पर किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2026 1:02 PM IST

Tags

Next Story