भोटेकोशी फ्लैश फ्लड नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक, अतिरिक्त सतर्कता बरतने का दिया निर्देश
काठमांडू, 26 अगस्त (आईएएनएस)। चीन बॉर्डर के सीमावर्ती इलाकों में बुधवार तड़के आए फ्लैश फ्लड ने नेपाल में भारी तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जिसमें बाढ़ के बाद बचाव और राहत कार्यों को लेकर गंभीर मंत्रणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से पैदा हुई स्थिति के बारे में प्रभावित इलाकों के संघीय सांसदों से बातचीत की।
सिंह दरबार में प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद कार्यालय में आयोजित एक बैठक में, रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, गोरखा और चितवन के सांसदों के साथ बाढ़ से हुए नुकसान, तटीय इलाकों में बस्तियों की हालत और बचाव व राहत कार्यों पर चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री ने इससे पहले आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाई थी और बाढ़ प्रभावित इलाकों की ताजा स्थिति और बचाव, खोज व राहत कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
वहीं, बाढ़ प्रभावित इलाकों के सांसदों के साथ चर्चा के दौरान, माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित नागरिकों की सुरक्षा और राहत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बयान के अनुसार, निचले तटीय इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने और विस्थापित लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
पीएम शाह ने सभी से आग्रह किया कि वे आपदा की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रभावित नागरिकों के बचाव, खोज और राहत कार्यों में अपनी-अपनी जगह से योगदान दें।
इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी बाढ़ पीड़ितों के लिए जरूरी स्वास्थ्य और राहत सामग्री भेजने की घोषणा की है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, स्वास्थ्य और खाद्य स्वच्छता मंत्री निशा मेहता से बातचीत के बाद, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संगठन 1,000 लोगों के लिए बुनियादी दवाएं और स्वास्थ्य उपकरण भेज रहा है। यह भी बताया गया है कि प्रभावित इलाकों में 24 वर्ग मीटर आकार के 15 इमरजेंसी टेंट भेजे जा रहे हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि काठमांडू के बीर अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में बाढ़ पीड़ितों के लिए 100 इमरजेंसी बेड तय किए गए हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि अब तक तीन घायल लोगों को बचाकर काठमांडू लाया गया है।
यह भी बताया गया है कि इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काठमांडू के फेडरल अस्पताल, ब्लड ट्रांसफ्यूजन सेंटर, बागमती और गण्डकी प्रांतों के स्वास्थ्य मंत्रालयों, नेपाल रेड क्रॉस, लायंस और नेपाल स्काउट्स के साथ तालमेल बिठाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Aug 2026 2:23 PM IST












