ब्लूमबर्ग मीडिया ने 'ब्लूमबर्ग इंडिया' को किया लॉन्च, प्रीमियम बिजनेस और मार्केट कवरेज एक ही जगह पर होगी उपलब्ध

ब्लूमबर्ग मीडिया ने ब्लूमबर्ग इंडिया को किया लॉन्च, प्रीमियम बिजनेस और मार्केट कवरेज एक ही जगह पर होगी उपलब्ध
ब्लूमबर्ग मीडिया ने बुधवार को ब्लूमबर्ग इंडिया के आधिकारिक लॉन्च की घोषणा की। यह निवेशकों, बिजनेस लीडर्स और निर्णय लेने वालों के लिए तैयार किया गया एक नया प्रीमियम डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म है, जहां भारत की अर्थव्यवस्था, बाजारों और कारोबार से जुड़ी गहन जानकारी उपलब्ध होगी।

नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। ब्लूमबर्ग मीडिया ने बुधवार को ब्लूमबर्ग इंडिया के आधिकारिक लॉन्च की घोषणा की। यह निवेशकों, बिजनेस लीडर्स और निर्णय लेने वालों के लिए तैयार किया गया एक नया प्रीमियम डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म है, जहां भारत की अर्थव्यवस्था, बाजारों और कारोबार से जुड़ी गहन जानकारी उपलब्ध होगी।

26 अगस्त से ब्लूमबर्ग डॉट कॉम और उसके मोबाइल ऐप पर उपलब्ध यह नई सेवा स्थानीय रिपोर्टिंग, बाजार संबंधी जानकारी, डेटा आधारित विश्लेषण और दुनिया भर में ब्लूमबर्ग के 3,000 से अधिक पत्रकारों और विश्लेषकों की वैश्विक रिपोर्टिंग को एक साथ पेश करेगी।

यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है जब ब्लूमबर्ग भारत में अपने 30 साल पूरे कर रहा है। कंपनी देश में अपनी डिजिटल मौजूदगी को मजबूत कर रही है। भारत अब ब्लूमबर्ग डॉट कॉम के लिए वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा ऑडियंस मार्केट बन चुका है।

ब्लूमबर्ग के एडिटर-इन-चीफ जॉन मिकलथवेट ने कहा कि डिजिटल विस्तार भारत की विकास गाथा को उस गहराई और सटीकता के साथ कवर करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसकी उसके पाठकों को जरूरत है।

उन्होंने कहा कि ब्लूमबर्ग को उम्मीद है कि नया प्लेटफॉर्म उन निवेशकों और कारोबारियों के लिए प्रमुख केंद्र बनेगा, जो वैश्विक बाजारों और तेजी से बदलती भारतीय अर्थव्यवस्था पर भरोसेमंद और स्वतंत्र रिपोर्टिंग तथा विश्लेषण चाहते हैं।

नई ब्लूमबर्ग इंडिया होमपेज पर बाजार के आंकड़ों, विश्लेषण, इंटरैक्टिव टूल्स, मल्टीमीडिया कंटेंट और भारतीय कारोबारी समुदाय पर केंद्रित पत्रकारिता के लिए एक केंद्रीय हब होगा।

एक नया मार्केट स्नैपशॉट मॉड्यूल यूजर्स को घरेलू शेयर बाजार, विदेशी मुद्रा दरों, वैश्विक बेंचमार्क और बाजार में प्रमुख उतार-चढ़ाव का ओवरव्यू उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा, एक समर्पित टॉप सिक्योरिटीज टिकर के जरिए प्रमुख बाजार गतिविधियों की त्वरित जानकारी मिलेगी।

ब्लूमबर्ग इंडिया डेटा आधारित रिपोर्टिंग और विश्लेषण के जरिए अपनी प्रीमियम बिजनेस कवरेज का भी विस्तार करेगा। यह कवरेज प्रोफेशनल्स और रिटेल निवेशकों की जरूरतों के अनुरूप होगी। प्लेटफॉर्म पर संपत्ति निर्माण से जुड़े स्थानीय गाइड भी उपलब्ध होंगे, जिनमें रिटायरमेंट प्लानिंग और 1 करोड़ रुपये निवेश करने वाले लोगों के लिए निवेश के अवसरों पर नई सामग्री शामिल होगी।

प्लेटफॉर्म पर ब्लूमबर्ग की “10 एशियन कंपनी टू वॉच” फीचर भी उपलब्ध होगी, जिसमें एशिया की तेजी से बढ़ती कंपनियों को रेखांकित किया जाएगा। वहीं, ब्लूमबर्ग बिजनेसवीक की “बेस्ट बिजनेस स्कूल्स” सूची में भारतीय संस्थानों की विशेष कवरेज शामिल होगी।

ब्लूमबर्ग भारतीय पाठकों के लिए विशेष न्यूजलेटर भी शुरू कर रहा है। प्रमुख “इंडिया एडिशन” को ब्लूमबर्ग न्यूज की सीनियर एडिटर मेनका दोशी लिखेंगी और इसकी सामग्री तैयार करेंगी। वहीं, “मार्केट्स डेली इंडिया” भारतीय कारोबारी दिन की शुरुआत से पहले बाजार की महत्वपूर्ण जानकारी और प्रमुख वैश्विक घटनाक्रम उपलब्ध कराएगा।

नया प्लेटफॉर्म मोबाइल के अनुकूल, वीडियो-केंद्रित पत्रकारिता और प्रीमियम ऑन-डिमांड कंटेंट के जरिए ब्लूमबर्ग की मल्टीमीडिया पेशकश को भी बढ़ाएगा। “इमर्जिंग” नामक नया पॉडकास्ट मेनका दोशी और ब्लूमबर्ग टेलीविजन की एंकर एवं एडिटर-एट-लार्ज हसलिंडा अमीन की सह-मेजबानी में होगा। इसमें उभरते कारोबारी और आर्थिक रुझानों पर चर्चा की जाएगी।

ब्लूमबर्ग टेलीविजन का “लैटिट्यूड” भारतीय संस्थापकों के विशेष इंटरव्यू पेश करेगा। इसके अलावा, ब्लूमबर्ग ओरिजिनल्स की पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री भी इंडिया पोर्टल के जरिए उपलब्ध होंगी।

कंपनी ने भारतीय रुपए में स्थानीय कार्ड के जरिए सब्सक्रिप्शन भुगतान की सुविधा भी शुरू की है, जिससे भारतीय यूजर्स के लिए भुगतान प्रक्रिया आसान होगी। यूपीआई भुगतान सितंबर में शुरू किए जाने की उम्मीद है।

ब्लूमबर्ग ने कहा कि भारत पर केंद्रित अन्य सेवाएं अक्टूबर में शुरू करने की योजना है। इनमें ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम के भारत में पहली बार आयोजित होने पर विशेष कवरेज भी शामिल है। इस फोरम के लिए नई दिल्ली में 500 से अधिक वैश्विक नेताओं के जुटने की उम्मीद है। ब्लूमबर्ग अपने विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण, ओरिजिनल प्रोग्रामिंग, विश्लेषण और विस्तृत रिपोर्टिंग उपलब्ध कराएगा।

कंपनी ब्लूमबर्ग बिजनेसवीक और ब्लूमबर्ग मार्केट्स के भारत-केंद्रित विशेष संस्करण भी पेश करेगी। इनके डिजिटल संस्करण ब्लूमबर्ग इंडिया के होमपेज के जरिए सीधे सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2026 2:23 PM IST

Tags

Next Story