मिजोरम में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 8 महिलाएं गिरफ्तार
आइजोल, 4 जून (आईएएनएस)। मिजोरम पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंपाई जिले में एक ही दिन में छह अलग-अलग अभियानों के दौरान आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को चंपाई जिले के खनकाउन चेक गेट और जोखावथार स्थित भारत-म्यांमार मैत्री पुल पर नियमित जांच अभियान के दौरान 29 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 352 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान ललह्रियातजुआली (23), हमंगाइहजुआली (37), लियान्नेहमावी (21), वेस्ली थांगमावी (19), लालेंगमावी (50), लालक्रॉसहलुमावी (24), लालरामछुंगी (36) और लालथाकिमी (53) के रूप में हुई है।
मिजोरम पुलिस ने बताया कि ये सभी बरामदगियां भारत-म्यांमार सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे नियमित जांच अभियानों के दौरान की गईं।
इस बीच, पुलिस ने मंगलवार को भी एक अलग कार्रवाई में एक महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.17 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन बरामद की थी।
पुलिस के मुताबिक, सैतुअल जिला कार्यकारी बल (डीईएफ) की विशेष टीम ने केइफांग क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान मणिपुर नंबर की एक काली बोलेरो नियो को रोका। यह वाहन मणिपुर के चुराचांदपुर जिले से आइजोल की ओर जा रहा था।
तलाशी के दौरान वाहन में सवार 51 वर्षीय नेंगशी हाओकिप के कपड़ों में छिपाकर रखे गए 50 साबुन के डिब्बों से 587 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 1.17 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ये सफल अभियान राज्य पुलिस की सीमा पार तस्करी पर अंकुश लगाने और संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
गौरतलब है कि मिजोरम की म्यांमार के साथ लगभग 510 किलोमीटर लंबी बिना बाड़ वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती है। म्यांमार का चिन राज्य लंबे समय से मादक पदार्थों, वन्यजीवों और अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी का प्रमुख ट्रांजिट मार्ग माना जाता रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि म्यांमार से लगी लंबी और अपेक्षाकृत खुली सीमाओं के कारण मिजोरम और मणिपुर पूर्वोत्तर भारत में नशा तस्करी के प्रमुख गलियारों के रूप में उभरे हैं, जिससे मादक पदार्थों और अन्य अवैध सामानों की आवाजाही आसान हो जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Jun 2026 11:55 PM IST












