चुनौतियों से उबरकर और मजबूत हुआ अदाणी ग्रुप, बर्नस्टीन ने अदाणी पोर्ट्स और अदाणी पावर पर जताया भरोसा

चुनौतियों से उबरकर और मजबूत हुआ अदाणी ग्रुप, बर्नस्टीन ने अदाणी पोर्ट्स और अदाणी पावर पर जताया भरोसा
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन ने अदाणी समूह को लेकर अपना सकारात्मक रुख बरकरार रखते हुए अदाणी पोर्ट्स और अदाणी पावर को अपनी शीर्ष निवेश पसंद बताया है। ब्रोकरेज का मानना है कि हाल के वर्षों में नियामकीय और बाजार से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के बाद भी अदाणी समूह पहले से अधिक मजबूत होकर उभरा है।

अहमदाबाद, 18 अगस्त (आईएएनएस)। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन ने अदाणी समूह को लेकर अपना सकारात्मक रुख बरकरार रखते हुए अदाणी पोर्ट्स और अदाणी पावर को अपनी शीर्ष निवेश पसंद बताया है। ब्रोकरेज का मानना है कि हाल के वर्षों में नियामकीय और बाजार से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के बाद भी अदाणी समूह पहले से अधिक मजबूत होकर उभरा है।

वैश्विक वित्तीय फर्म बर्नस्टीन ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में कहा कि उसने अदाणी समूह से जुड़े दो बड़े घटनाक्रमों, शॉर्ट-सेलर विवाद और अमेरिकी प्रतिभूति एवं न्याय विभाग (एसईसी-डीओजे) से जुड़े मुद्दों के दौरान समूह के प्रदर्शन पर लगातार नजर रखी है। इसके बावजूद समूह की परियोजनाओं को लागू करने की क्षमता मजबूत बनी हुई है और कारोबार विस्तार की गति प्रभावित नहीं हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी ग्रुप की वित्तीय स्थिति में भी सुधार देखने को मिला है। शेयरों को गिरवी रखने की प्रवृत्ति लगभग समाप्त हो गई है और कर्ज का स्तर भी पहले की तुलना में कम हुआ है। इससे समूह की बैलेंस शीट और वित्तीय मजबूती को बल मिला है।

बर्नस्टीन ने अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन पर अपनी 'बेहतर प्रदर्शन' (आउटपरफॉर्म) रेटिंग बरकरार रखी है और लक्ष्य मूल्य (टारगेट प्राइस) को बढ़ाकर 1,973 रुपए प्रति शेयर कर दिया है, जो पहले 1,880 रुपए था।

ब्रोकरेज का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह कारोबार में मजबूत वृद्धि को देखते हुए उसने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कार्गो वॉल्यूम वृद्धि का अनुमान बढ़ाया है। जुलाई के आंकड़ों में कंपनी के कारोबार में 12 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पहले 10 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान था। इसके साथ ही फर्म ने अपने लक्षित ईवी/ईबीआईटीडीए मल्टीपल को भी 16 गुना से बढ़ाकर 16.5 गुना कर दिया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अदाणी पोर्ट्स के पास मजबूत मूल्य निर्धारण क्षमता, लॉजिस्टिक्स कारोबार में विस्तार और प्रतिस्पर्धी कंपनियों की तुलना में बेहतर मूल्यांकन जैसी कई सकारात्मक विशेषताएं हैं। साथ ही, कंपनी की परिसंपत्तियों का अधिग्रहण कर उन्हें सफलतापूर्वक विकसित करने की क्षमता भी उसकी बड़ी ताकत है।

बर्नस्टीन ने अदाणी पावर पर भी अपनी 'बेहतर प्रदर्शन' (आउटपरफॉर्म) रेटिंग बनाए रखी है और इसके लिए 203.56 रुपए प्रति शेयर के मुकाबले 220 रुपए प्रति शेयर का टारगेट प्राइस निर्धारित किया है।

ब्रोकरेज के अनुमान के अनुसार, अदाणी पावर का परिचालन लाभ आगामी वर्षों में मजबूत रह सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2027 में ईबीआईटीडीए 2,41,272 मिलियन रुपए और 2028 में 3,02,594 मिलियन रुपए रहने की संभावना है।

हालांकि, अदाणी ग्रीन एनर्जी को लेकर बर्नस्टीन ने सतर्क रुख बनाए रखा है। ब्रोकरेज ने इस कंपनी पर 'अंडरपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है और 'टारगेट प्राइस को 1,000 रुपए से घटाकर 980 रुपए प्रति शेयर कर दिया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अदाणी ग्रीन के मौजूदा मूल्यांकन काफी ऊंचे हैं, जिसके कारण निकट अवधि में इसमें सीमित बढ़त की संभावना दिखाई देती है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि उसने अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के साथ हुए नवीनतम अनुबंधिक टैरिफ और 2030 तक क्षमता वृद्धि संबंधी संशोधित अनुमानों को शामिल कर लिया है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि मान्यताओं में संशोधन के बाद वित्त वर्ष 2027 के लिए अदाणी ग्रीन के ईबीआईटीडीए अनुमानों में 10 प्रतिशत की गिरावट आएगी। साथ ही ऋण-इक्विटी मिश्रण में बदलाव का हवाला देते हुए कंपनी ने अपने भारित औसत पूंजी लागत अनुमान को 8.8 प्रतिशत से घटाकर 8.6 प्रतिशत कर दिया है।

बर्नस्टीन का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में चुनौतियों का सामना करने के बावजूद अदाणी समूह ने अपनी परिचालन क्षमता और वित्तीय अनुशासन को बनाए रखा है। मजबूत नकदी प्रवाह, घटते कर्ज और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में व्यापक उपस्थिति के कारण समूह की दीर्घकालिक विकास संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Aug 2026 4:08 PM IST

Tags

Next Story