अफगानिस्तान परवान में बिना फटे बम से छेड़खानी करने पर धमाका, युवक की मौत, तीन घायल

अफगानिस्तान परवान में बिना फटे बम से छेड़खानी करने पर धमाका, युवक की मौत, तीन घायल
अफगानिस्तान के परवान प्रांत में बिना फटे बम को खोलने की कोश‍िश में हुए धमाके में एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने बुधवार को तालिबान पुलिस के बयान के हवाले से यह जानकारी दी।

काबुल, 6 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के परवान प्रांत में बिना फटे बम को खोलने की कोश‍िश में हुए धमाके में एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने बुधवार को तालिबान पुलिस के बयान के हवाले से यह जानकारी दी।

यह घटना मंगलवार को बगराम जिले में हुई, जब 20 साल का एक युवक किसी बिना फटे बम को खोलने की कोशिश कर रहा था। तालिबान अधिकारियों के मुताबिक, धमाके में उस युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लड़कियां और एक लड़का घायल हो गए, जिन्हें परवान के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अफगानिस्तान में कई वर्षों से चले आ रहे संघर्ष के कारण जमीन में दबे लैंडमाइंस और बिना फटे हथियार बड़ी समस्या बने हुए हैं। इनसे आम लोग, खासकर बच्चे, अक्सर शिकार बनते हैं।

तालिबान के आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक साल में ऐसे धमाकों में कम से कम 96 लोगों की मौत हुई और 328 लोग घायल हुए। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच ऐसे 225 मामले सामने आए, जिनमें कुल 474 लोग प्रभावित हुए। इनमें 321 बच्चे और 153 बड़े लोग शामिल हैं।

ऐसे बिना फटे गोला-बारूद खासकर गांवों और पहले संघर्ष वाले इलाकों में ज्यादा खतरा पैदा करते हैं, क्योंकि ये जमीन में दबे रहते हैं और लोगों को नजर नहीं आते। हेरात, कुनार, फराह, नंगरहार और कंधार जैसे प्रांतों में ऐसे मामलों की संख्या ज्यादा देखी गई है।

फरवरी में फराह प्रांत में भी एक घर के अंदर ऐसा ही एक धमाका हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। यह घटना पुश्त-ए-कोह जिले में हुई थी, जब घर के अंदर मौजूद एक बिना फटे गोले में किसी तरह टक्कर लगने से विस्फोट हो गया।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं ऐसा संदिग्ध सामान दिखे तो उससे दूर रहें और तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 May 2026 10:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story