पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचे हुमायूं कबीर

पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचे हुमायूं कबीर
आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा को रोकने के लिए हस्तक्षेप की मांग करते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया।

कोलकाता, 6 मई (आईएएनएस)। आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा को रोकने के लिए हस्तक्षेप की मांग करते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया।

कबीर ने आरोप लगाया कि 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुर्शिदाबाद जिले में बड़े पैमाने पर राजनीतिक रूप से प्रेरित और सुनियोजित हिंसा हुई है।

उन्होंने अदालत में दायर याचिका में कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ की गई और उनके कार्यकर्ताओं को पीटा गया। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल और न्यायमूर्ति पार्थ सारथी सेन की खंडपीठ में मामला दायर कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

आम जनता उन्नयन पार्टी नेता की याचिका में अदालत से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने, पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई है।

कबीर के वकील ने बताया कि पहले चरण के चुनाव (23 अप्रैल) में कबीर पर भी असामाजिक तत्वों ने हमला किया था और उनकी कार में तोड़फोड़ की गई थी। साथ ही उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी परेशान किया गया, लेकिन पुलिस ने इन मामलों में कोई शिकायत दर्ज नहीं की।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक विफलता के कारण उन्होंने अदालत से तत्काल शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठाने की मांग की है और निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है।

बता दें कि 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हुए थे। इस चुनाव में मुर्शिदाबाद जिले दो सीटों पर हुमायूं कबीर ने जीत हासिल की।

इस चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में सत्ता हासिल की और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हुआ। कुल 207 सीटें भाजपा को मिलीं जबकि तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें प्राप्त हुईं।

इसी बीच, परिणाम घोषित होने के बाद दक्षिण 24 परगना सहित राज्य के कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले और पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं।

पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 May 2026 11:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story