भारत के मेजर केपी सिंह को यूएन मेडल, साइप्रस में हाई कमिश्नर ने दी बधाई

भारत के मेजर केपी सिंह को यूएन मेडल, साइप्रस में हाई कमिश्नर ने दी बधाई
साइप्रस में भारत के हाई कमिश्नर मनीष ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएनएफआईसीवाईपी) में स्टाफ ऑफिसर के रूप में तैनात मेजर केपी सिंह को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मेडल मिलने पर बधाई दी।

निकोसिया, 6 जुलाई (आईएएनएस)। साइप्रस में भारत के हाई कमिश्नर मनीष ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएनएफआईसीवाईपी) में स्टाफ ऑफिसर के रूप में तैनात मेजर केपी सिंह को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मेडल मिलने पर बधाई दी।

साइप्रस में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "हाई कमिश्नर मनीष ने संयुक्त राष्ट्र साइप्रस मुख्यालय में आयोजित यूएनएफआईसीवाईपी मेडल परेड में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम की मेजबानी यूएन साइप्रस के फोर्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद असदुल्लाह मिन्हाजुल आलम ने की। इसमें संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष प्रतिनिधि (एसआरएसजी) और मिशन प्रमुख खासिम डायग्ने, शांति मिशन में सैनिक भेजने वाले देशों के राजनयिक, संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी और सैनिकों के परिवार भी मौजूद थे।"

उच्चायोग ने आगे कहा, "हाई कमिश्नर ने मेजर केपी सिंह को यूएनएफआईसीवाईपी में उनकी सेवा और मिशन में दिए गए अहम योगदान के लिए संयुक्त राष्ट्र मेडल मिलने पर बधाई दी।"

भारतीय उच्चायोग के मुताबिक, भारत का दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों में योगदान देने का एक लंबा और गौरवशाली इतिहास रहा है। भारत आज भी अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उच्चायोग ने बताया कि यूएनएफआईसीवाईपी के साथ भारत का पुराना और खास जुड़ाव रहा है। इस मिशन में भारत के तीन फोर्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रेम सिंह ग्यानी, जनरल केएस थिमैया और लेफ्टिनेंट जनरल देवान प्रेम चंद अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पिछले हफ्ते, दुनिया में शांति बनाए रखने में भारत के लगातार योगदान को एक और बड़ी पहचान मिली। कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में संयुक्त राष्ट्र के तहत तैनात भारतीय सेना के 651 जवानों को एक विशेष मेडल परेड के दौरान संयुक्त राष्ट्र मेडल से सम्मानित किया गया।

ये मेडल तीन जुलाई को परमानेंट ऑपरेटिंग बेस साके में आयोजित समारोह में दिए गए।

इस कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र के कांगो शांति मिशन (मोनुस्को) के वरिष्ठ अधिकारी, फोर्स मुख्यालय के प्रतिनिधि, सैन्य कमांडर और कई अन्य सम्मानित अतिथि शामिल हुए।

इस समारोह में भारतीय दल की पेशेवर कार्यशैली, बेहतरीन प्रदर्शन और संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के दौरान उनकी समर्पित सेवा की सराहना की गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 8:21 PM IST

Tags

Next Story