आशा भोसले की पोती ने गायिका के अस्पताल में भर्ती होने की वजह बताई, निजता बनाए रखने का अनुरोध

आशा भोसले की पोती ने गायिका के अस्पताल में भर्ती होने की वजह बताई, निजता बनाए रखने का अनुरोध
मशहूर प्लेबैक सिंगर आशा भोसले को शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गायिका की सेहत के बारे में जानकारी देते हुए उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया कि उनकी दादी को बहुत ज्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुंबई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मशहूर प्लेबैक सिंगर आशा भोसले को शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गायिका की सेहत के बारे में जानकारी देते हुए उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया कि उनकी दादी को बहुत ज्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह बताते हुए कि इलाज अभी चल रहा है, जनाई ने इस दौरान निजता बनाए रखने की गुजारिश की।

अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर आशा भोसले के साथ एक फोटो शेयर करते हुए जनाई ने लिखा, "मेरी दादी, आशा भोसले, बहुत ज्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं। हम आपसे गुजारिश करते हैं कि आप हमारी निजता का सम्मान करें। इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम आपको जल्द ही अच्छी खबर देंगे।"

92 साल की गायिका फिलहाल इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में अपना इलाज करवा रही हैं।

ब्रीच कैंडी के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने एक बयान में बताया, "मशहूर प्लेबैक सिंगर आशा भोसले को शनिवार, 10 अप्रैल को कार्डियक अरेस्ट आया था। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में उनका इलाज चल रहा है।"

आशा भोसले के सफर की बात करें तो उन्होंने 1943 में मराठी फिल्म 'माझा बाल' के लिए अपना पहला प्लेबैक गाना गाया था। इसके बाद, उन्होंने 1948 में रिलीज हुई हिंदी फिल्म 'चुनरिया' के गाने 'सावन आया' से बॉलीवुड में प्लेबैक की शुरुआत की।

आशा भोसले के स्वास्थ्य की खबर सुनकर फिल्म और संगीत जगत में चिंता की लहर दौड़ गई है। प्रशंसक और सहकर्मी सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। ब्रीच कैंडी अस्पताल ने अभी तक आशा भोसले की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है, जहां डॉक्टरों की एक पूरी टीम लगातार उनके स्वास्थ्य को मॉनिटर कर रहे हैं।

आशा भोसले को पिछले कुछ सालों में उम्र के कारण स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वे अभी भी सक्रिय हैं और संगीत कार्यक्रमों में शामिल होती रहती हैं।

अस्पताल प्रशासन ने कहा कि आशा भोसले की स्थिति स्थिर होने पर आगे की जानकारी दी जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 11:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story