कानपुर शादी के 16 साल बाद महिला को मिला तीन तलाक, पति की गिरफ्तारी की मांग
कानपुर, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। महिला ने गुरुवार को बताया कि शादी के 16 साल और दो बच्चों के बावजूद उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति का उसी इलाके में रहने वाली एक महिला के साथ अफेयर चल रहा है।
आफरीन नाम की महिला ने दावा किया है कि 7 जुलाई को उसने अपने पति को दूसरी महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। ऐसा कई बार हुआ है। मैंने कई बार समझाने और बात करने की कोशिश की, वह नहीं माने। उस दिन जब मैंने उन्हें पकड़ा, तो हमारी जबरदस्त लड़ाई हुई। सभी रिश्तेदारों को बुलाया गया। पति ने कहा कि वह (दूसरी महिला) उसके लिए सब कुछ है और तलाक देकर उससे निकाह करेगा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई। वह मुझे और बच्चों को परेशान करते थे। वह मुझे मारते-पीटते थे और घर का खर्च नहीं उठाते थे। मेरे साथ मारपीट हुई, लेकिन मैंने यह सोचकर सब सह लिया कि इसका असर मेरे परिवार और बच्चों पर नहीं पड़ना चाहिए।
महिला के अनुसार, 12 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे उनके पति ने उनके दो बेटों के सामने तीन तलाक दिया और उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने चमनगंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट, नाजायज रिश्ते और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
कानपुर के डीसीपी (सेंट्रल) अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि आरोपी के खिलाफ चमनगंज पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच चल रही है।
महिला ने शिकायत की थी कि पुलिस उनकी शुरुआती शिकायतों को दर्ज नहीं कर रही थी और एफआईआर हाल ही में अक्टूबर में दर्ज की गई। डीसीपी ने कहा कि शुरू में इस मामले में सुलह-समझौते की कोशिश की जा रही थी। तीन तलाक का मामला सामने आने के बाद तुरंत एफआईआर दर्ज की गई। महिला ने मांग की कि उसके पति को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2026 9:34 PM IST












