सूडान में हिंसा की कीमत चुका रहे मासूम, छह महीने में 330 बच्‍चे ड्रोन हमले का हुए श‍िकार यूनिसेफ

सूडान में हिंसा की कीमत चुका रहे मासूम, छह महीने में 330 बच्‍चे ड्रोन हमले का हुए श‍िकार यूनिसेफ
साल 2026 के पहले छह महीनों में सूडान में कम से कम 330 बच्चे या तो मारे गए या घायल हुए। यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रन्स फंड (यूनिसेफ) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दारफुर और कोर्डोफान राज्यों में बच्चों के हताहत होने की सबसे ज्‍यादा घटनाएं सामने आई हैं।

खार्तूम, 6 जुलाई (आईएएनएस)। साल 2026 के पहले छह महीनों में सूडान में कम से कम 330 बच्चे या तो मारे गए या घायल हुए। यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रन्स फंड (यूनिसेफ) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दारफुर और कोर्डोफान राज्यों में बच्चों के हताहत होने की सबसे ज्‍यादा घटनाएं सामने आई हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है, "मई 2026 से राज्य में ड्रोन हमलों और दूसरे हमलों की वजह से 35 से ज्‍यादा बच्चे प्रभावित हुए हैं। इनमें कम से कम 18 बच्चों की मौत हुई और 17 से ज्‍यादा बच्चे घायल हुए। प्रभावित बच्चों की उम्र सिर्फ दो महीने से लेकर 17 साल तक थी। रिपोर्ट के अनुसार, इन घटनाओं में करीब 60 प्रतिशत बच्चे ड्रोन हमलों का शिकार हुए। इससे साफ है कि युद्ध में ड्रोन का इस्तेमाल बच्चों और उनके परिवारों पर कितना गंभीर असर डाल रहा है।"

लगातार हो रहे ड्रोन हमलों और गोलाबारी से लोगों के घर, स्कूल, अस्पताल, पानी की व्यवस्था और बाजार जैसी आम जरूरतों की जगहों को भी नुकसान पहुंचा है। इससे राहत सामग्री पहुंचाने वाले रास्ते भी प्रभावित हुए हैं और जरूरी सेवाओं पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अल ओबैद और उसके आसपास के इलाकों के साथ-साथ पूरे नॉर्थ कोर्डोफान में करीब पांच लाख लोगों की जान खतरे में है। अगर हालात और बिगड़ते हैं, तो और भी ज्‍यादा बच्चों को मौत, चोट, बेघर होने और दूसरे गंभीर खतरों का सामना करना पड़ सकता है।

यूनिसेफ ने अल ओबैद और उसके आसपास के इलाकों की स्थिति को 'बेहद चिंताजनक' बताया है।

सूडान में यूनिसेफ के प्रतिनिधि शेल्डन येट ने कहा, "बच्चे लगातार हिंसा, बेघर होने और बुनियादी जरूरतों की कमी के एक अंतहीन चक्र में फंसे हुए हैं। कई बच्चों के लिए अब कोई भी जगह सुरक्षित नहीं बची है। वे अपने घरों में, सड़कों पर, बाजारों में और स्कूल या इलाज जैसी जरूरी सेवाएं लेने जाते समय भी मारे जा रहे हैं या घायल हो रहे हैं। बच्चों को कभी निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उनके जीवन, उनके अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा होना बेहद जरूरी है।"

यूनिसेफ ने संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से अपील की है कि वे आम नागरिकों और नागरिक सुविधाओं की सुरक्षा करें, राहत एजेंसियों को सुरक्षित, तेज और बिना किसी रुकावट के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने दें, और बच्चों को हर तरह के नुकसान से बचाने के लिए हर संभव कदम उठाएं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 'बच्चों के सामने सिर्फ मौत या घायल होने का ही खतरा नहीं है। इस संघर्ष की वजह से उन्हें जबरन लड़ाई में शामिल किए जाने, अगवा किए जाने, यौन हिंसा झेलने और स्कूलों व अस्पतालों पर होने वाले हमलों जैसी गंभीर घटनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 11:03 PM IST

Tags

Next Story