बारामती उपचुनाव सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख को किया फोन, शरद पवार ने खड़गे से की बात

बारामती उपचुनाव सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख को किया फोन, शरद पवार ने खड़गे से की बात
बारामती विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीति में अचानक बड़ा मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद आगे बढ़कर विपक्ष से बातचीत की है, जिससे इस चुनाव को लेकर हलचल और तेज हो गई है। गुरुवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन है, ऐसे में सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि चुनाव होगा या सुनेत्रा पवार की जीत बिना मुकाबले तय हो जाएगी।

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बारामती विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीति में अचानक बड़ा मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद आगे बढ़कर विपक्ष से बातचीत की है, जिससे इस चुनाव को लेकर हलचल और तेज हो गई है। गुरुवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन है, ऐसे में सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि चुनाव होगा या सुनेत्रा पवार की जीत बिना मुकाबले तय हो जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को सीधे फोन किया। इस बातचीत में उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह अपने उम्मीदवार को वापस ले ले ताकि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का निर्विरोध चुनाव हो सके। सुनेत्रा पवार एनसीपी (अजीत पवार गुट) की उम्मीदवार हैं।

राज्य की राजनीति में इस तरह का कदम काफी चौंकाने वाला माना जा रहा है। ऐसा कम ही देखने को मिलता है जब सत्ताधारी दल का कोई बड़ा नेता खुद विपक्ष के प्रदेश अध्यक्ष से संपर्क कर चुनाव में उम्मीदवार वापस लेने की मांग करे।

इधर, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस मुद्दे पर बातचीत की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और उसे अपना फैसला खुद लेना है, लेकिन अगर उनसे राय मांगी जाती है तो वह यही सुझाव देंगे कि यह चुनाव बिना मुकाबला हो। उन्होंने यह भी कहा कि यह सीट एक अनुभवी नेता के निधन के बाद खाली हुई है, इसलिए इसे सम्मानजनक तरीके से देखा जाना चाहिए।

दरअसल, यह उपचुनाव पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के बाद हो रहा है। इसी वजह से कई नेता और पार्टियां चाहती हैं कि उनकी विरासत को सम्मान देते हुए चुनाव निर्विरोध कराया जाए।

इससे पहले एक अहम बैठक में सुनेत्रा पवार और एनसीपी के अन्य नेताओं ने सीएम फडणवीस से मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया था कि पूरा गठबंधन उनके साथ खड़ा है।

वहीं, कांग्रेस पहले इस सीट पर चुनाव लड़ने के अपने फैसले पर अड़ी हुई थी, लेकिन अब रुख बदलता नजर आ रहा है। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने संकेत दिया है कि पार्टी अपना उम्मीदवार वापस ले सकती है। हालांकि अंतिम फैसला अभी हाईकमान की मंजूरी के बाद ही होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 1:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story