पश्चिम बंगाल चुनाव 26 फरवरी से 6 अप्रैल तक 327.44 करोड़ रुपए मूल्य की अवैध वस्तुएं जब्त
कोलकाता, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को बताया कि 26 फरवरी से 6 अप्रैल के बीच पश्चिम बंगाल में लगभग 327.44 करोड़ रुपए मूल्य की अवैध और अनधिकृत वस्तुएं जब्त की गई हैं। राज्य इस महीने के अंत में होने वाले महत्वपूर्ण दो-चरणीय विधानसभा चुनाव की तैयारी में है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने प्रेस बयान जारी कर राज्य में जब्त की गई अवैध और अनधिकृत वस्तुओं का विवरण साझा किया है।
बयान में बताया गया कि कुल 11.01 करोड़ रुपए की जब्ती हुई। अवैध शराब की कीमत 57.71 करोड़ रुपए, जबकि मादक पदार्थ और नारकोटिक्स की कीमत 67.35 करोड़ रुपए है। इसी अवधि में जब्त की गई कीमती धातुओं का मूल्य 38.55 करोड़ रुपए रहा, जबकि अन्य सामानों की कीमत 162.80 करोड़ रुपए की रही।
बयान के अनुसार, 4 अप्रैल तक राज्य में 251 बिना लाइसेंस वाले हथियार और हथियार सामग्रियां जब्त की गईं और कारतूसों की संख्या 401 है। इसी अवधि में 127.7 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किए गए और बमों की संख्या 887 रही।
साथ ही, राज्य सीईओ कार्यालय ने बताया कि अनधिकृत राजनीतिक विज्ञापनों को हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं।
बयान में आगे कहा गया, “ईसीआई यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों के साथ संपन्न हों। 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होने वाले हैं। पश्चिम बंगाल सीईओ कार्यालय मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के अनुपालन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की कड़ी निगरानी कर रहा है।"
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्य में अब तक की सबसे बड़ी अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। राज्य में करीब 2,400 अर्धसैनिक कंपनियों के जवान तैनात किए गए हैं। इनकी कुल संख्या लगभग 2,40,000 बताई जा रही है।
खास बात यह है कि यह तैनाती पिछले चुनाव के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है, जो इस बार सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाती है।
इस बार महिला सुरक्षा कर्मियों की भी रिकॉर्ड संख्या में तैनाती की गई है। जानकारी के मुताबिक, करीब 20,000 महिला अर्धसैनिक जवान, यानी लगभग 200 कंपनियां, चुनाव ड्यूटी में लगाई गई हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 April 2026 11:56 PM IST












