बंगाल सीआईडी ने सालबोनी जमीन हड़पने के मामले में पूर्व तृणमूल विधायक के खिलाफ चार्जशीट दायर की
कोलकाता, 4 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने सालबोनी में करोड़ों रुपए की अवैध जमीन हड़पने के मामले में पश्चिम मिदनापुर की जिला अदालत में चार्जशीट दायर की है। इसमें पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक सुजॉय हाजरा समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया है।
14 पन्नों की यह चार्जशीट मेदिनीपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश की गई। इसमें सुजॉय हाजरा, अनीतेश परिया, कैलाश अग्रवाल और शराफुद्दीन खान को आरोपी बताया गया है। सीआईडी के मुताबिक, अग्रवाल और खान अभी फरार हैं।
हालांकि, चार्जशीट में तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के पर्सनल असिस्टेंट सुमित रॉय का नाम शामिल न होने से राज्य में राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है, क्योंकि मामले की जांच के दौरान उनका नाम प्रमुखता से सामने आया था।
सालबोनी मामले की जांच के दौरान ही रॉय का नाम पहली बार सामने आया था। इस साल की शुरुआत में, सालबोनी पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने कोलकाता पुलिस और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) के साथ मिलकर रॉय की तलाश में अभिषेक बनर्जी के घर पर तलाशी अभियान चलाया था।
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। सीआईडी ने रॉय के खिलाफ जांच जारी रखने के लिए कोर्ट से इजाजत मांगी है और तर्क दिया है कि हिरासत में उनसे पूछताछ जरूरी है। मेदिनीपुर सीजेएम कोर्ट ने यह अनुरोध मंजूर कर लिया है। राज्य पुलिस के सूत्रों ने संकेत दिया है कि एजेंसी बाद में एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर सकती है, जिसमें रॉय का नाम भी शामिल हो सकता है।
पता चला है कि 14 पेज की चार्जशीट में कुल नौ धाराओं का जिक्र किया गया है, जिनमें जालसाजी, सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग और धोखाधड़ी (जिसमें राज्य के भूमि और भूमि राजस्व विभाग से जुड़े दस्तावेजों सहित कई सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर शामिल है) जैसे आरोप शामिल हैं।
सुजॉय हाजरा को 17 सितंबर को मेदिनीपुर कोर्ट में पेश किया जाना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Sept 2026 10:12 PM IST












