उत्तर प्रदेश दौरे पर आज से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

उत्तर प्रदेश दौरे पर आज से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को ज्यादा मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार से दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर पहुंच रहे हैं।

लखनऊ, 4 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को ज्यादा मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार से दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर पहुंच रहे हैं।

4 और 5 जुलाई को होने वाले इस दौरे के दौरान वह पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन की भविष्य की रणनीति, आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।

नितिन नवीन का यह दौरा पहले 3 और 4 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे बदलकर 4 और 5 जुलाई कर दिया गया। पार्टी इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण मान रही है, क्योंकि हाल ही में गठित उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन को मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने पर विशेष जोर रहेगा।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक उनका रोड शो निकलेगा। यह रोड शो आलमबाग, टीएन चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए प्रदेश कार्यालय पहुंचेगा। रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, राज्य मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रम, संगठन की कार्ययोजना और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी।

दौरे के दौरान वह सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी), वरिष्ठ भाजपा नेताओं और एनडीए के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वह अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा।

शनिवार शाम करीब 4 बजे नितिन नवीन लखनऊ स्थित हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और एमएलसी के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के साथ भी संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

शाम को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सीएम योगी के साथ रात्रि भोज में भी शामिल होंगे।

रविवार को अपने दूसरे दिन की शुरुआत नितिन नवीन उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर चर्चा से करेंगे। इसके बाद वह राज्य के एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक में हिस्सा लेंगे।

भाजपा के अनुसार, इस पूरे दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन को हर स्तर पर अधिक मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं को नई दिशा देना और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की चुनावी रणनीति को और धारदार बनाना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 July 2026 9:04 AM IST

Tags

Next Story