कार्यकर्ताओं की मेहनत से देश के 80 फीसदी हिस्से में भाजपा-एनडीए की सरकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
गांधीनगर, 17 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि आज देश के 80 प्रतिशत हिस्से में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकारें हैं। उन्होंने इस राजनीतिक विस्तार का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जमीनी स्तर पर काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया।
गांधीनगर में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा ने देशभर में तेजी से विस्तार किया है और कई राज्यों में प्रमुख राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है।
उन्होंने कहा कि आज देश के 80 प्रतिशत हिस्से में भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं। मां गंगा उत्तराखंड से निकलती हैं और बंगाल में जाकर समुद्र में मिलती हैं। उत्तराखंड से लेकर यूपी, बिहार और बंगाल तक भाजपा का शासन फैल चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार केंद्र में सत्ता में लौटी है।
उन्होंने कहा कि किसी को हर जीत का श्रेय जाता है तो वह सिर्फ भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। जमीनी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर सक्रिय रहकर और जनता की समस्याओं को सुनकर पार्टी को लोगों से जोड़े रखा है। पार्टी कार्यकर्ता और नेता छोटे-छोटे स्थानीय मुद्दों को भी गंभीरता से लेते हैं।
गृह मंत्री ने भाजपा के राज्य स्तर की ताकत से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद महात्मा गांधी के प्रभाव के कारण कांग्रेस का देशभर में दबदबा था। उसी तरह अब भाजपा संगठन की ताकत और जनता के समर्थन के दम पर पूरे देश में फैल रही है।
उन्होंने गुजरात में हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने सभी नगर निगमों में जीत दर्ज की और नगरपालिकाओं व पंचायतों में भी बड़ी सफलता हासिल की।
उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार की भी सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 11:11 PM IST












