अराकू को वैश्विक स्तर पर अग्रणी कॉफी गंतव्य बनाने की दिशा में सरकार चंद्रबाबू नायडू
अमरावती, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को कहा कि आंध्र प्रदेश सरकार अराकू को वैश्विक स्तर पर अग्रणी कॉफी गंतव्य बनाने के लिए सक्रिय रूप से निवेश कर रही है।
अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया भर में लाखों लोगों के लिए कॉफी की पहली घूंट के बिना दिन की शुरुआत नहीं होती।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मेरे लिए, इसकी शुरुआत अराकू से होती है, आंध्र प्रदेश की समृद्ध विरासत का स्वाद। इस अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस पर, हम अपने राज्य की जीवंत पहाड़ियों से लेकर दुनिया भर के कॉफी कपों तक अराकू कॉफी की अविश्वसनीय यात्रा का जश्न मनाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हम अराकू को वैश्विक स्तर पर अग्रणी कॉफी गंतव्य बनाने के लिए सक्रिय रूप से निवेश कर रहे हैं, अपने स्थानीय उत्पादकों को सशक्त बना रहे हैं, और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि आंध्र प्रदेश विश्व कॉफी मानचित्र पर अपना उचित स्थान प्राप्त करे।
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
अराकू कॉफी पर अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि अरकु कॉफी के हर कप में 'पूर्वी घाट की सुगंध, इसकी मिट्टी की समृद्धि और हमारे आदिवासी किसानों की कड़ी मेहनत समाहित है'।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस के अवसर पर मुझे आंध्र प्रदेश के एक विशिष्ट खजाने, अराकू कॉफी का जश्न मनाते हुए गर्व हो रहा है। मेरे लिए अराकू कॉफी सिर्फ इसके स्वाद और सुगंध तक ही सीमित नहीं है। यह हमारे जंगलों, हमारे आदिवासी समुदायों और उनके पारंपरिक ज्ञान के बीच के बंधन का प्रतीक है। यह भूमि की समृद्धि को एक ऐसी पहचान में बदल देता है, जिसे दुनिया भर में सराहना मिल रही है। अराकू की घाटियों से लेकर नई दिल्ली स्थित संसद तक, जहां विशेष स्टालों के माध्यम से अराकू कॉफी का प्रदर्शन किया गया है, इसकी यात्रा दर्शाती है कि कैसे हमारे समुदायों से जुड़ा एक स्थानीय उत्पाद भारत की कहानी को व्यापक विश्व तक पहुंचा सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अराकू कॉफी और इसकी खेती से जुड़े आदिवासी परिवारों के योगदान को उजागर किया है।
पवन कल्याण ने कहा कि आइए हम उन किसानों, जंगलों और पूर्वी घाटों का जश्न मनाएं जिनकी बदौलत हर कप कॉफी संभव हो पाती है, और आंध्र प्रदेश की पहाड़ियों से अराकू कॉफी को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए काम करें। अराकू कॉफी का एक कप हमारी धरती का स्वाद, हमारे लोगों की कहानी और हमारे पूर्वी घाटों की सुगंध है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Oct 2026 10:39 PM IST












