कर्ज में फंसकर लोग अपने सपने को गिरवी रख देते हैं राम चक्री
चेन्नई, 26 मार्च (आईएएनएस)। आज क्रेडिट कार्ड, लोन और ईएमआई से लोग अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार वे इनकी वजह से धोखाधड़ी के जाल में भी फंस जाते हैं, जिसका असर उनकी पूरी जिंदगी पर पड़ता है। इसी गंभीर मुद्दे को निर्देशक राम चक्री ने अपनी आने वाली फिल्म 'कारमेनी सेल्वम' के जरिए उठाने की कोशिश की है।
एक कार्यक्रम में राम चक्री ने अपनी फिल्म पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''लोग कई बार ऐसे हालात में फंस जाते हैं, जहां उन्हें कर्ज चुकाने के लिए अपने पसंदीदा काम को छोड़कर कुछ और करना पड़ता है। जब कोई व्यक्ति अपने सपनों को छोड़कर मजबूरी में काम करता है तो वह असल में अपने सपनों को गिरवी रख देता है। मेरी यह फिल्म लोगों को सोचने पर मजबूर करेगी कि आर्थिक फैसले कितने महत्वपूर्ण होते हैं।''
उन्होंने कहा, ''मेरी दिल से इच्छा है कि जो लोग आर्थिक दबाव में जी रहे हैं, वे इस स्थिति से बाहर निकलें और एक संतोषजनक जीवन जिएं। फिल्म दर्शकों को अपने जीवन में बेहतर फैसले लेने की प्रेरणा दे। फिल्म में दिखाए गए हालात आज के समाज की सच्चाई से जुड़े हुए हैं।''
इस मौके पर निर्देशक ने अपने नाम बदलने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, ''मैंने अपनी पहली फिल्म 'खुरई ओन्नुम इला' कार्तिक रवि नाम से बनाई थी, लेकिन इंडस्ट्री में इस नाम के कई लोग हैं। ऐसे में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए मैंने नाम बदलकर राम चक्री रख लिया। यह बदलाव उनके करियर के लिए जरूरी था।''
फिल्म में समुथिरकानी और गौतम वासुदेव मेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा, लक्ष्मी प्रिया चंद्रमौली भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं। फिल्म का निर्माण पाथवे प्रोडक्शन ने किया है।
फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। टीजर में समाज की उस सोच को दर्शाया गया है, जिसमें सफलता को अक्सर पैसे से जोड़ा जाता है। दर्शक फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 11:40 AM IST












