Share Market: आज रामनवमी के मौके पर बंद रहेगा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में नहीं होगा कारोबार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश का शेयर बाजार आज (26 मार्च 2026, गुरुवार) रामनवमी (Ram Navami) के अवसर पर बंद रहेगा। ऐसे में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) हो या नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों में कारोबार नहीं किया जा सकेगा। बता दें कि, आज के दिन कई सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों की छुट्टी है। इसके अलावा आज देश के तमाम निजी और सरकारी बैंक बंद रहने वाले हैं। हालांकि, कुछ दफ्तरों में काम जारी रहेगा।
बीएसई की बेवसाइट के मुताबिक, आज इक्विटी सेगमेंट, डेरिवेटिव सेगमेंट और एसएलबी सेगमेंट तीनों बंद रहेंगे। इसी के साथ करेंसी डेरिवेटिव सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं होगी। कमॉडिटी मार्केट भी सुबह और शाम दोनों सेशन के लिए बंद रहेगा। हालांकि, कल 27 मार्च 2026, शुक्रवार को बाजार में सामान्य तौर पर कारोबार शुरू होगा।
27 मार्च को होगा सामान्य कारोबार
कल 27 मार्च 2026, शुक्रवार को शेयर बाजार के सभी सेगमेंट्स में सामान्य तौर पर कारोबार शुरू होगा। इस दिन बीएसई, एनएसई और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) सामान्य रूप से काम करेंगे। देखा जाए तो, इस सप्ताह में रामनवमीं की छुट्टी के कारण सिर्फ चार दिन ही ट्रेडिंग होगी।
अगला अवकाश कब
शेयर बाजार में शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश को छोड़कर अगला अवकाश 31 को श्री महावीर जयंती पर अवकाश रहेगा। इसके बाद 03 अप्रैल को गुड फ्राइडे और 14 को अंबेडकर जयंती पर बाजार बंद रहेगा। इसके अलावा 01 मई को महाराष्ट्र दिवस, 28 मई को बकरी ईद, 26 जून को मुहर्रम, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, 20 अक्टूबर को दशहरा, 10 नवंबर को दिवाली, 24 नवंबर को प्रकाश गुरुपर्व श्री गुरु नानक देव और फिर 25 दिसंबर को आखिरी क्रिसमस को छुट्टी रहेगी।
यह भी पढ़े -प्रीमियम पेट्रोल की महंगाई के बाद अब ऑनलाइन खाना मंगवाना भी हुआ महंगा! जोमैटो ने बढ़ा दी डिलीवरी प्लेटफॉर्म फीस
बीते दिन कैसा रहा कारोबार?
आपको बता दें कि, बीते कारोबारी दिन (25 मार्च 2026, बुधवार) बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 706.74 अंक यानि कि 0.95 प्रतिशत बढ़कर 74,775.19 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 226.15 अंक यानि कि 0.99 प्रतिशत बढ़कर 23,138.55 के ऊपर खुला था।
जबकि, शाम को भी बाजार जबरदस्त तेजी के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1205.00 अंक यानि कि 1.63 प्रतिशत बढ़कर 75,273.45 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 394.05 अंक यानि कि 1.72 प्रतिशत बढ़कर 23,306.45 के ऊपर बंद हुआ था।
Created On :   26 March 2026 11:45 AM IST














