Share Market Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार में फिर छाई हरियाली, सेंसेक्स 1205 अंक उछला, निफ्टी 23300 के पार बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में लगातार दूसरे दिन जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन (25 मार्च 2026, बुधवार) प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही मजबूती के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1205.00 अंक यानि कि 1.63 प्रतिशत बढ़कर 75,273.45 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 394.05 अंक यानि कि 1.72 प्रतिशत बढ़कर 23,306.45 के ऊपर बंद हुआ।
कारोबार के अंंत में करीब 2841 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 1309 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 134 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में श्रीराम फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, ग्रासिम इंडस्ट्रीज़, बजाज फाइनेंस और अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर टेक महिंद्रा, TCS, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और पावर ग्रिड कॉर्प के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, टाइटन, इंडिगो, ट्रेंट, एमएंडएम, टाटा स्टील और एसबीआई के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 4 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें टेक महिन्द्रा, पावरग्रिड, टीसीएस और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के शेयर शामिल हैं।
बात करें भारतीय रुपया की तो बुधवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 10 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब 93.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 93.95 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले सोमवार की सुबह रुपया 93.63 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 93.87 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 706.74 अंक यानि कि 0.95 प्रतिशत बढ़कर 74,775.19 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 226.15 अंक यानि कि 0.99 प्रतिशत बढ़कर 23,138.55 के ऊपर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (24 मार्च 2026, मंगलवार) शेयर बाजार तेजी के साथ खुला था और शाम को भी बाजार जबरदस्त तेजी के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1372.06 अंक यानि कि 1.89 प्रतिशत बढ़कर 74,068.45 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 399.75 अंक यानि कि 1.78 प्रतिशत बढ़कर 22,912.40 के ऊपर बंद हुआ था।
Created On :   25 March 2026 3:59 PM IST












