स्वच्छ भारत अभियान के तहत कोलकाता में गंगा घाट की सफाई में मंत्रियों के साथ जुटे सीएम सुवेंदु अधिकारी

स्वच्छ भारत अभियान के तहत कोलकाता में गंगा घाट की सफाई में मंत्रियों के साथ जुटे सीएम सुवेंदु अधिकारी
स्वच्छ भारत अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता के बागबाजार स्थित गंगा घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उनके नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर गंगा घाट को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।

कोलकाता, 17 जून (आईएएनएस)। स्वच्छ भारत अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता के बागबाजार स्थित गंगा घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उनके नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर गंगा घाट को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।

भाजपा के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी लगातार गंगा नदी और उसके घाटों को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत बुधवार सुबह मुख्यमंत्री बागबाजार घाट पहुंचे। उनके साथ राज्य की नगर विकास एवं शहरी मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तपस रॉय भी मौजूद रहे।

बागबाजार घाट पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने वहां स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री और दोनों मंत्रियों ने हाथों में झाड़ू लेकर घाट की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि गंगा नदी और उसके घाटों को कचरे तथा प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए इस तरह का सफाई अभियान पूरे साल जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस राज्यव्यापी अभियान की औपचारिक शुरुआत बुधवार को की गई है।

बता दें कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता आने वाले हैं। वह रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारा मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री को एक स्वच्छ और सुंदर बंगाल देना है।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पहले से ही 'नमामि गंगे' परियोजना के माध्यम से गंगा को स्वच्छ बनाने का अभियान चला रही है, जिसमें स्वयं पीएम मोदी भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। अब राज्य सरकार भी उसी दिशा में तेजी से काम कर रही है।

इससे पहले इसी महीने सीएम सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की थी कि अक्टूबर में होने वाली दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता और हावड़ा में हुगली नदी के किनारे स्थित छह प्रमुख घाटों का सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Jun 2026 12:36 PM IST

Tags

Next Story