तमिलनाडु उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन के कोयंबटूर दौरे को लेकर हाईअलर्ट, जीकेएनएम नर्सिंग कॉलेज का करेंगे उद्घाटन
कोयंबटूर, 21 जुलाई (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन बुधवार को तमिलनाडु के कोयंबटूर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कोयंबटूर शहर के पापानाइकनपालयम में जीकेएनएम अस्पताल के नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। उनके कोयंबटूर दौरे को लेकर हाई अलर्ट है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
उपराष्ट्रपति नई दिल्ली से एक स्पेशल फ्लाइट से कोयंबटूर पहुंचेंगे और फिर वहां से वे कार्यक्रम स्थल जाएंगे। शाम 5 बजे कार्यक्रम की शुरुआत होगी। जहां वे नर्सिंग कॉलेज का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।
इस कार्यक्रम में सीनियर मेडिकल प्रोफेशनल्स, शिक्षाविद, जन-प्रतिनिधि और आमंत्रित मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। समारोह के बाद, उपराष्ट्रपति सड़क मार्ग से कोयंबटूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाएंगे और देर शाम नई दिल्ली लौट आएंगे।
उनके दौरे को लेकर कोयंबटूर सिटी पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर कन्नन सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। उपराष्ट्रपति के यात्रा मार्ग, कार्यक्रम स्थल और अन्य अहम जगहों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए जाएंगे।
अधिकारियों ने शहर के कई इलाकों को 'रेड जोन' घोषित किया है और ड्रोन व अन्य बिना पायलट वाले हवाई वाहनों (यूएवी) के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी है। ये पाबंदियां मंगलवार सुबह 11 बजे से लागू हो गई हैं और गुरुवार सुबह 11 बजे तक लागू रहेंगी।
रेड जोन घोषित इलाकों में उप्पिलिपलयम, रेस कोर्स, अविनाशी रोड, लक्ष्मी मिल्स जंक्शन, जीकेएनएम अस्पताल परिसर, एचओबीएस, पीलामेडु, चित्रा, नेहरू नगर, कलापट्टी, चिन्नीयाम्पलयम और आस-पास के इलाके शामिल हैं।
पुलिस की ओर से चेतावनी दी गई है कि ड्रोन से जुड़ी पाबंदियों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें और दौरे के दौरान जारी किए गए डायवर्जन और सलाहों का पालन करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 July 2026 11:57 AM IST












