लगाया चूना: शेयर मार्केट और पेंशन योजना का झांसा देकर लगाई लाखों की चपत, मां-बेटी सहित चार रिश्तेदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

शेयर मार्केट और पेंशन योजना का झांसा देकर लगाई लाखों की चपत, मां-बेटी सहित चार रिश्तेदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
  • सेवानिवृत्त व्यक्ति को लाखों रुपये की चपत
  • महिला ने अपने तीन रिश्तेदारों की मदद से इस वारदात को अंजाम दिया

Nagpur News. सेवानिवृत्त व्यक्ति को लाखों रुपये की चपत लगाए जाने का मामला मंगलवार को सामने आया है। शातिर दिमाग महिला ने अपने तीन रिश्तेदारों की मदद से इस वारदात को अंजाम दिया। लकड़गंज थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है। राजनगर निवासी 63 वर्षीय श्रीधर तागडे सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त हैं।

करीब ढाई वर्ष पहले परिचित अशोक गवली के जरिए उनकी पहचान गरोबा मैदान निवासी सुनंदा प्रकाश थोटे (53) से हुई थी। सुनंदा ने श्रीधर को बताया था कि वह शेयर ट्रेडिंग में सक्रिय है। उसने कई लोगों का पैसा शेयर बाजार में निवेश किया है, जिससे उन्हें अच्छा-खासा लाभ हुआ है। इसी भरोसे में लेकर उसने श्रीधर को भी निवेश करने के लिए लुभावने झांसे दिए। उन्हें यह भी बताया कि पेंशनर्स के लिए इसमें विशेष योजना है और निवेश की गई रकम पर 20 प्रतिशत लाभ मिलेगा।

यह घटनाक्रम 25 जून 2024 से 20 जुलाई 2026 के बीच का है। झांसे में आकर श्रीधर ने 85 लाख 70 हजार रुपये का निवेश किया। सुनंदा के कहने पर उन्होंने यह रकम उसके रिश्तेदारों, जिसमें बेटी देवश्री प्रकाश थोटे, भाई नंदकिशोर बोंद्रे और बहन शुभांगी बोंद्रे के खातों में जमा करवाई।

निवेश पर कोई लाभ नहीं मिलने से श्रीधर को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, जिस पर कुछ राशि लौटा दी गई, लेकिन अब भी 44 लाख 40 हजार रुपये वापस नहीं किए गए हैं। इस प्रकार श्रीधर के साथ ठगी की गई। प्रारंभिक पड़ताल में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है।

Created On :   21 July 2026 5:49 PM IST

Tags

Next Story