एलईडी चौक पर दर्दनाक हादसा: एसटी बस की टक्कर से बेकाबू वाहन लोगों पर चढ़ा, एनएमसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौत, तीन घायल

एसटी बस की टक्कर से बेकाबू वाहन लोगों पर चढ़ा, एनएमसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौत, तीन घायल
  • सुबह की सैर और दूध वितरण के दौरान हुआ हादसा
  • कुछ देर तक थमा यातायात
  • एसटी बस की टक्कर से हुआ हादसा

Nagpur News. शहर के अंबाझरी मार्ग स्थित एलईडी चौक पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की बस और दूध सप्लाई करने वाली मेटाडोर की जोरदार टक्कर के बाद मेटाडोर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित मेटाडोर सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गई। हादसे में नागपुर महानगरपालिका (एनएमसी) के सेवानिवृत्त कर्मचारी सुनील आनंदराव जाधव (65) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए अंबाझरी मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।बताया जाता है कि सुनील जाधव नागपुर मनपा के तत्कालीन आयुक्त टी. चंद्रशेखर के निजी सहायक (पीए) के रूप में भी कार्य कर चुके थे।

एसटी बस की टक्कर से हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे अमूल दूध की सप्लाई करने वाली टाटा इंट्रा वी-30 कमर्शियल मेटाडोर (क्रमांक एमएच-31-जीडी-0585) रामनगर की ओर से अभ्यंकर नगर चौक की दिशा में जा रही थी। उसी समय शंकर नगर चौक से अंबाझरी टी-पॉइंट की ओर जा रही महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल की बस (क्रमांक एमएच-40-वाई-5127) की एलईडी चौक पर मेटाडोर से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दूध से भरी मेटाडोर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों की ओर मुड़ गई और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मेटाडोर में रखी दूध की प्लास्टिक क्रेट और पैकेट सड़क पर बिखर गए।

हादसे में कॉर्पोरेशन कॉलोनी, अंबाझरी निवासी सुनील आनंदराव जाधव (65) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गांधीनगर निवासी सुनील खुशालराव गुडधे (62), कॉर्पोरेशन कॉलोनी निवासी शैलेंद्र मारोतराव किनगांवकर (62) तथा मेटाडोर चालक अभिषेक दुर्गाप्रसाद जगणे (23), निवासी खापरखेड़ा (कोराड़ी रोड), घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

कुछ समय तक बाधित रहा यातायात

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बजाजनगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चेतनसिंह चव्हाण अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की और एम्बुलेंस पहुंचने से पहले प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

पुलिस और आपातकालीन सेवा की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण एलईडी चौक और अंबाझरी मार्ग पर कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों की टक्कर के बाद मेटाडोर के अनियंत्रित होकर लोगों पर चढ़ने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Created On :   21 July 2026 10:00 PM IST

Tags

Next Story