आकर्षण का केंद्र: दिखने लगे एफ-2 बाघिन के शावक, सफारी के दौरान पर्यटकों को हो रहा दीदार

दिखने लगे एफ-2 बाघिन के शावक, सफारी के दौरान पर्यटकों को हो रहा दीदार
  • एफ-2 बाघिन ने हाल ही में चार शावकों को जन्म दिया
  • लंबे समय तक बाघिन अपने बच्चों के साथ नजर नहीं आ रही थी

Nagpur News. उमरेड-करांडला अभयारण्य की प्रसिद्ध एफ-2 बाघिन ने हाल ही में चार शावकों को जन्म दिया है। शावकों के जन्म के बाद लंबे समय तक बाघिन अपने बच्चों के साथ नजर नहीं आ रही थी, लेकिन अब वह फिर से पर्यटकों को दिखाई देने लगी है। मां के साथ विचरण करते चारों नन्हे शावक सफारी पर आने वाले सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

गौरतलब है कि 1 जुलाई से अधिकांश जंगल सफारियां बारिश के कारण बंद कर दी जाती हैं। हालांकि करांडला में बफर क्षेत्र में सफारी मौसम की स्थिति के अनुसार जारी रहती है। इन दिनों एफ-2 बाघिन अपने चार शावकों के साथ पर्यटकों को आसानी से दिखाई दे रही है, जिससे वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

इससे पहले भी एफ-2 बाघिन ने पांच शावकों को जन्म दिया था। वे सभी अब बड़े होकर अपना अलग क्षेत्र तलाशने निकल चुके हैं। अब उसके नए चार शावक एक बार फिर करांडला की पहचान बनते जा रहे हैं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।

जिले का उमरेड-करांडला अभयारण्य लगभग 189 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है। यहां करांडला, गोठनगांव और पवनी तीन प्रवेश द्वार हैं। बारिश के मौसम में भी मौसम अनुकूल रहने पर सफारी संचालित की जाती है, जबकि अत्यधिक वर्षा होने पर इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाता है।

इन दिनों सफारी पर आने वाले पर्यटकों के लिए एफ-2 बाघिन और उसके चारों शावकों का दीदार सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। जंगल में मां के साथ स्वच्छंद विचरण करते शावकों को देखकर पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं।

Created On :   21 July 2026 7:54 PM IST

Tags

Next Story