आश्वासन: बावनकुले ने कहा - सरकारी कर्मचारियों पर हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे, मुद्रांक विभाग के अधिकारियों से हड़ताल पर न जाने की अपील

बावनकुले ने कहा - सरकारी कर्मचारियों पर हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे, मुद्रांक विभाग के अधिकारियों से हड़ताल पर न जाने की अपील
  • भाजपा के लेटरहेड का गलत इस्तेमाल नहीं होना चाहिए
  • दिल्ली आंदोलन पीएम और सीएम की छवि खराब करने की साजिश
  • एक भी दिव्यांग ट्राइसाइकिल से वंचित नहीं रहेगा

Nagpur News. राजस्व मंत्री एवं पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कर्मचारियों पर हमले किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं। सोमवार को नियोजन भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान बावनकुले ने कहा कि पुणे में मुद्रांक निरीक्षक पर हुए हमले के मामले में पुणे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनमें एक वकील भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी गलत व्यवहार करता है तो उसके खिलाफ शिकायत करने की व्यवस्था मौजूद है। साथ ही उन्होंने मुद्रांक विभाग के अधिकारियों से हड़ताल पर न जाने की अपील की।

भाजपा के लेटरहेड का गलत इस्तेमाल नहीं होना चाहिए

भाजपा के लेटरहेड के दुरुपयोग के संबंध में उन्होंने कहा कि पार्टी के लेटरहेड का इस्तेमाल किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को संरक्षण देने के लिए नहीं होना चाहिए। ट्रक माफिया, सट्टा, गोहत्या, ड्रग्स या अन्य अवैध धंधों के समर्थन में लेटरहेड का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लेटरहेड का उपयोग केवल समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए होना चाहिए।

दिल्ली आंदोलन पीएम और सीएम की छवि खराब करने की साजिश

नीट परीक्षा को लेकर सरकार के खिलाफ चल रहे आंदोलन पर बावनकुले ने कहा कि यह आंदोलन किसी ठोस मुद्दे पर आधारित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की छवि खराब करने की सोची-समझी राजनीतिक साजिश है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इसके बाद नीट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार के किसी मंत्री ने पेपर लीक किया था? यदि किसी ने गलत किया है तो उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग कर राजनीति करना उचित नहीं है। उनका आरोप था कि विपक्ष युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है क्योंकि उसके पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग उचित नहीं

बावनकुले ने कहा कि विपक्ष संघ परिवार को निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा कि जब मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में चोरी हुई थी, तब उद्धव ठाकरे अध्यक्ष थे। उस समय भाजपा ने उनके इस्तीफे की मांग नहीं की थी। उन्होंने कहा कि किसी संस्था के अध्यक्ष से इस्तीफा मांगना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में हुई गड़बड़ियों के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। किसी कर्मचारी की गलती के लिए पूरी व्यवस्था या अध्यक्ष को जिम्मेदार ठहराना गलत है। इसी तरह, नीट पेपर लीक मामले में मंत्रियों का इस्तीफा मांगना भी उचित नहीं है।

एक भी दिव्यांग ट्राइसाइकिल से वंचित नहीं रहेगा

बावनकुले ने बताया कि जिला परिषद की ओर से लगभग सवा लाख रुपये की लागत वाली विशेष ट्राइसाइकिल तैयार की गई है। ज़ोमैटो के सहयोग से दिव्यांगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं और कई दिव्यांग प्रतिदिन लगभग 800 रुपये तक कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी दिव्यांग ट्राइसाइकिल से वंचित नहीं रहेगा तथा इच्छुक लोगों से मनपा या जिला परिषद के माध्यम से आवेदन करने की अपील की।

ओबीसी नेताओं की मांगों पर चर्चा को तैयार

पालकमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ओबीसी समाज के लिए अनेक योजनाएं और कल्याणकारी उपक्रम शुरू किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके की कोई मांग है तो सरकार उस पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Created On :   20 July 2026 9:06 PM IST

Tags

Next Story