6 सांसदों के विलय पर सांसद देशमुख का बड़ा बयान, कानूनी प्रक्रिया के तहत लिया था फैसला

6 सांसदों के विलय पर सांसद देशमुख का बड़ा बयान, कानूनी प्रक्रिया के तहत लिया था फैसला
  • केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद बदले सियासी समीकरण
  • लोकसभा अध्यक्ष का फैसला अपेक्षित था

Nagpur News. शिवसेना उद्धव गुट के 6 लोकसभा सदस्यों के शिवसेना शिंदे में शामिल होने को लेकर सांसद संजय देशमुख ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत वह निर्णय लिया गया। लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्य को गति देना सभी का उद्देश्य था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद सांसदों ने त्वरित निर्णय ले लिया।

योजनाएं थी लंबित

रविवार को पत्रकारों से चर्चा में यवतमाल के सांसद देशमुख ने कहा कि जनता ने उन्हें विकास की उम्मीदों के साथ चुना था, लेकिन कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं लंबित होने के कारण वे उन अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरे नहीं उतर पा रहे थे। रेलवे परियोजनाओं समेत कई बड़े विकास कार्य रुके हुए थे, इसलिए छह सांसदों ने मिलकर शिंदे सेना में शामिल होने का निर्णय लिया। विकास की राजनीति को लेकर उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा की। साथ ही दो दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी बैठक हुई थी। शाह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। इसी आश्वासन के बाद आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया।

लोकसभा अध्यक्ष का फैसला अपेक्षित था

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा छह सांसदों के विलय को मंजूरी दिए जाने पर देशमुख ने कहा कि यह फैसला उनके पक्ष में आने की पूरी उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि सभी सांसदों ने कानूनी प्रावधानों का अध्ययन करने के बाद ही यह कदम उठाया था और पूरा प्रक्रिया कानून के दायरे में रहकर की गई। इसलिए अध्यक्ष का निर्णय उनके लिए आश्चर्यजनक नहीं था। देशमुख ने दावा किया कि विदर्भ में जल्द ही कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं का शिवसेना शिंदे में प्रवेश होगा। 7 से 8 दिन में निकाय संस्थाओं के पदाधिकारियों का प्रवेश होगा। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को यवतमाल में कार्यकर्ताओं के प्रवेश कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। युवाओं में उपमुख्यमंत्री शिंदे के प्रति काफी उत्साह और उम्मीदें है। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए युवा, महिला व किसान वर्ग के कल्याण के लिए काफी कार्य किए हैं।

Created On :   19 July 2026 7:58 PM IST

Tags

Next Story