- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वॉशिंगटन सुंदर की जगह दुबे भारतीय...
शहर गौरवान्वित: वॉशिंगटन सुंदर की जगह दुबे भारतीय वनडे टीम में शामिल, क्रिकेट का मक्का लॉर्ड्स मैदान पर खेलेंगे हर्ष!

Nagpur News. क्रिकेट का मक्का लॉर्ड्स' के मैदान पर रविवार को खेले जाने वाले भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज के तीसरे मैच के लिए विदर्भ के हरफनमौला खिलाड़ी हर्ष दुबे को वॉशिंगटन सुंदर की जगह भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वॉशिंगटन चोट के चलते सीरीज से बाहर हो चुके हैं, जिसके बाद हर्ष को उनके स्थान पर टीम में चुना गया। नेशनल क्रिकेट अकादमी, बंगलुरु में कैम्प के दौरान हर्ष को टीम में शामिल किए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह लंदन के लिए रवाना हो गए।
वॉशिंगटन को दूसरे वनडे में बल्लेबाजी करते हुए रन लेने के दौरान चोट लग गई थी जिसके चलते वह दूसरी पारी में गेंदबाजी और फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं आए थे। वॉशिंगटन ने पांच गेंदों का सामना करते हुए दो रन बनाए थे। अफगानिस्तान के विरुद्ध जून में घरेलू वनडे सीरीज के दौरान हर्ष का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू हुआ था। दुबे ने धर्मशाला वनडे में डेब्यू करते हुए तीन विकेट हासिल किए थे जबकि चेन्नई में खेले गए सीरीज के अंतिम वनडे में उन्होंने एक विकेट हासिल किया। इस प्रभावशाली प्रदर्शन के कारण सीनियर चयनकर्ताओं ने हर्ष को इंग्लैंड के विरुद्ध आखिरी वनडे मैच में मौका देने का निर्णय लिया।
लॉर्ड्स पर खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है
इंग्लैंड के विरुद्ध आखिरी वनडे के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के बाद हर्ष के पिता सुरेन्द्र दुबे ने कहा कि ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। पालक होने के नाते हम सब उम्मीद कर रहे हैं कि हर्ष को आखिरी वनडे में अंतिम ग्यारह में शामिल किया जाएगा, लेकिन यह टीम प्रबंधन और पिच पर निर्भर करता है। अफगानिस्तान के विरुद्ध घरेलू सीरीज में हर्ष ने अच्छी गेंदबाजी की थी, जिसके परिणाम स्वरूप उसे भारतीय टीम में मौके दिए जा रहे है। लॉर्ड्स में इस सीरीज का निर्णायक मैच खेला जाएगा। अगर हर्ष टीम के लिए कुछ योगदान दे पाया, तो उसके लिए इससे अच्छी बात और क्या होगी।
Created On :   19 July 2026 7:38 PM IST












