दिल्ली पुलिस ने रूसी विदेश मंत्री का 'फर्जी' वीडियो शेयर करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने रूसी विदेश मंत्री का फर्जी वीडियो शेयर करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कथित रूप से डॉक्टर्ड वीडियो शेयर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कथित रूप से डॉक्टर्ड वीडियो शेयर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह मामला मंगलवार (3 नवंबर) को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान सामने आया। टीम ने एक सोशल मीडिया पोस्ट देखा, जिसमें आरोप लगाया गया था कि रूसी विदेश मंत्री का कथित तौर पर छेड़छाड़ किया गया वीडियो भूषण के हैंडल से शेयर किया गया था।

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "3 नवंबर को, साइबर पेट्रोलिंग के दौरान, यह पता चला कि एक सोशल मीडिया हैंडल ने दावा किया है कि रूसी विदेश मंत्री का एक कथित डॉक्टर्ड वीडियो, जो भारत के खिलाफ है, प्रशांत भूषण के हैंडल से शेयर किया गया था।"

दिलली पुलिस ने कहा, "वीडियो के माध्यम से भ्रामक, मानहानिकारक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर सार्वजनिक उपद्रव व अफवाहें फैलाने का आरोप है। इस संबंध में बीएनएस की धारा 336(4), 353(1) (सी), 356 और 340(2) के तहत एफआईआर और आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर दिया गया है।" अधिकारियों ने बताया कि यह एफआईआर स्पेशल सेल पुलिस थाने में दर्ज की गई है।

इससे पहले, विदेश मंत्रालय (एमईए) की फैक्ट-चेक यूनिट ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के कथित वीडियो के संबंध में बयान दिया और इसे फर्जी बताया। शेयर किए गए डॉक्टर्ड वीडियो में रूसी विदेश मंत्री भारत के अंदरूनी मामलों और तेल खरीद पर आलोचना करते हुए दिख रहे थे।

प्रशांत भूषण की ओर से शेयर किए गए वीडियो के तथ्यों को रूसी दूतावास ने भी खारिज किया था। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि क्लिप पूरी तरह से मनगढ़ंत थी। एमईए ने एक पोस्ट में लिखा, "फेक अलर्ट! इस पोस्ट में इस्तेमाल किया जा रहा रूसी विदेश मंत्री का वीडियो फर्जी है!"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story