दिल्ली पुलिस ने नकली नोटों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए बिहार के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों के पास से 2.65 लाख रुपए की कीमत के नकली भारतीय नोट बरामद किए गए हैं।
आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दिनेश कुमार झा (36) और सतीश कुमार (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहाड़गंज इलाके में स्थित 'नीलम गेस्ट हाउस' में छापेमारी कर इन्हें पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 5 नवंबर को की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो लोग इलाके में नकली भारतीय नोटों की सप्लाई और उन्हें चलाने का काम कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एक पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने गेस्ट हाउस में छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 2,65,100 रुपए के नकली नोट बरामद हुए।
इसके बाद, बरामद नोटों की जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। पहाड़गंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 179, 180 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने बताया कि वे नकली नोट बेचने के लिए दिल्ली आए थे और खरीदारों की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि दोनों ने 1 लाख रुपए की कीमत के नकली नोटों को 25,000 से 30,000 रुपए (असली मुद्रा) में बेचने की योजना बनाई थी। हालांकि, पकड़े जाने से पहले वे कोई सौदा पक्का नहीं कर पाए थे और न ही उन्हें कोई ग्राहक मिला था। आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी बताया कि उन्हें यह नकली करेंसी 'एस' नाम के एक व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दिनेश कुमार झा पहले भी नकली करेंसी के एक मामले में शामिल रहा है। यह मामला 2023 में दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 489B, 489सी और 34 के तहत दर्ज यह मामला नकली करेंसी से ही जुड़ा था।
पुलिस का कहना है कि नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने, कथित सप्लायर की पहचान करने और इनकी सप्लाई और सर्कुलेशन से जुड़े बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
