एनएलसी इंडिया लिमिटेड में 143 ग्रेजुएट एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों पर वैकेंसी, 13 नवंबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल

चेन्नई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल) ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट)-2025 स्कोर का उपयोग करते हुए, ग्रेजुएट एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (जीईटी) के कुल 143 पदों पर भर्ती की घोषणा करते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एनएलसी इंडिया लिमिटेड की ओर से यह भर्ती थर्मल पावर स्टेशन (क्षेत्र-1)/खदानें और संबद्ध सेवाएं (क्षेत्र-2)/नवीकरणीय ऊर्जा, परियोजनाएं और योजना (क्षेत्र-3) तथा सेवाएं और सहायता कार्य (क्षेत्र-4) में की जाएगी। ये स्थान नेवेली (तमिलनाडु), बरसिंगसर (राजस्थान), तालाबीरा (ओडिशा) और दक्षिण पचवारा (झारखंड) में स्थित हैं। इसके अलावा, विभिन्न राज्यों में स्थित सौर/पवन ऊर्जा परियोजनाएं/स्थल भी इसमें शामिल हैं, जिनमें कंपनी की सहायक इकाइयां और संयुक्त उद्यम (जैसे तूतीकोरिन, तमिलनाडु में एनटीपीएल और घाटमपुर और उत्तर प्रदेश में एनयूपीपीएल) भी शामिल हैं।
एनएलसी इंडिया लिमिटेड की ओर से विभिन्न विषयों के आधार पर ग्रेजुएट एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (जीईटी) पोस्ट के लिए 143 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमई) के 66, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (ईई) के 44, सिविल इंजीनियरिंग (सीई) के 23 और माइनिंग इंजीनियरिंग (एमएन) के 10 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 13 नवंबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 दिसंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन पोर्टल सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 14 दिसंबर की रात 11:45 बजे तक तय की गई है। इसके अतिरिक्त, उन उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि, जिन्होंने पहले ही पंजीकरण कर लिया है और समय सीमा के भीतर शुल्क का भुगतान कर दिया है, वह 16 दिसंबर की शाम 5:00 बजे है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमई) के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग या मैकेनिकल एंड प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में फुल-टाइम या पार्ट-टाइम बैचलर डिग्री; इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (ईई) के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग या पावर इंजीनियरिंग में फुल-टाइम या पार्ट-टाइम बैचलर डिग्री; सिविल इंजीनियरिंग (सीई) के लिए सिविल इंजीनियरिंग या सिविल एंड स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में फुल-टाइम या पार्ट-टाइम बैचलर डिग्री; और माइनिंग इंजीनियरिंग (एमएन) के लिए माइनिंग इंजीनियरिंग में फुल-टाइम या पार्ट-टाइम बैचलर डिग्री होनी चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन गेट-2025 स्कोर के मूल्यांकन, व्यक्तिगत साक्षात्कार, मेडिकल फिटनेस आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 50,000 से 1,60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगा। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी (एनसीएल) के लिए 854 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग/पूर्व सैनिक के लिए 354 रुपए तय किया गया है।
कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एनएलसी इंडिया लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
