पंजाब कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

पंजाब कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा के पास शुक्रवार को अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के डिब्बों से धुआं निकलता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।

राजपुरा (पंजाब), 6 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा के पास शुक्रवार को अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के डिब्बों से धुआं निकलता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे तक धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद रेलवे प्रशासन को घटना की सूचना दी गई और अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को सतर्क किया गया। बताया जा रहा है कि सराय बंजारा क्षेत्र के पास ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए।

घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। कई यात्रियों ने अपना सामान लेकर डिब्बों से बाहर निकलने की कोशिश की। कुछ यात्रियों के आग की चपेट में आने की भी सूचना है। हालांकि, अभी तक घायलों की संख्या और संभावित जनहानि को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इस घटना पर भाजपा नेता तरुण चुग ने भी चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में आग लगने की खबर विचलित करने वाली है।

उन्होंने लिखा, "मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी यात्री सुरक्षित हों और किसी प्रकार की जनहानि न हुई हो। राहत एवं बचाव कार्य में जुटे सभी कर्मियों की सुरक्षा की भी कामना करता हूं। ईश्वर सभी की रक्षा करें।"

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी जैसी आशंकाओं की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी। आग से हुए नुकसान और यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story